पहले आओ-पहले पाओ के आधार पर मिलेगी एचपीवी-डीएनए जांच किट
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली सरकार के कैंसर जागरूकता, रोकथाम और स्क्रीनिंग कार्यक्रम के तहत तीस हजारी कोर्ट परिसर में महिला अधिवक्ताओं में स्तन और सर्वाइकल कैंसर की स्क्रीनिंग बुधवार को होगी। शिविर में कैंसर की मुफ्त जांच, मैमोग्राफी, एचपीवी-डीएनए जांच एवं जागरूकता और शैक्षणिक सत्र आयोजित किए जाएंगे।
दिल्ली राज्य कैंसर संस्थान (डीएससीआई) की क्लीनिकल ऑन्कोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. प्रज्ञा शुक्ला ने बताया कि स्तन और सर्वाइकल कैंसर को नियमित जांच और समय पर पहचान से काफी हद तक नियंत्रित किया जा सकता है। शिविर के दौरान मैमोग्राफी के लिए 15 स्लॉट और एचपीवी-डीएनए जांच की 50 किट पहले आओ-पहले पाओ के आधार पर उपलब्ध होंगे।
डीएससीआई के निदेशक डॉ. विनोद कुमार ने कहा कि महिलाओं के स्वास्थ्य और कैंसर की रोकथाम के बारे में जागरूकता बढ़ाना समय की आवश्यकता है। इस तरह के कैंप से लोगों तक सही जानकारी और समय पर जांच की सुविधा पहुंचती है।