दिल्ली विश्वविद्यालय की लॉ फैकल्टी में बीते पांच दिन से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे छात्रों ने हड़ताल वापस ले ली है। डीन की ओर से मांगों पर विचार करने की प्रक्रिया शुरू किए जाने का आश्वासन मिलने के बाद छात्रों ने यह कदम उठाया।
दरअसल, लॉ फैकल्टी के डीन प्रो. वेद कुमारी की ओर से लगातार छात्रों से हड़ताल वापस करने की अपील की जा रही थी, लेकिन छात्र अपनी मांगों के लिए लिखित आश्वासन की मांग कर रहे थे।
डीयू में इस बार लॉ फैकल्टी में बड़ी संख्या में छात्र फेल हुए। छात्र लगातार राहत की गुहार लगा रहे थे, लेकिन सुनवाई न होने पर उन्होंने 14 सितंबर से हड़ताल शुरू कर दी थी।
उनकी मांग है कि उन्हें अगली कक्षा में प्रमोट किया जाए, सप्लीमेंट्री परीक्षा देने दी जाए, परीक्षा पुस्तिका का पुनर्मूल्यांकन हो, उसकी फीस कम हो और दो पेपर में सुधार परीक्षा देने दी जाए।
शनिवार को छात्रों से हड़ताल खत्म करने की अपील के साथ ही लॉ फैकल्टी डीन वेद कुमारी भी बैठ गई थीं, लेकिन तबीयत बिगड़ने पर छात्रों ने हड़ताल वापस ले ली।
हड़ताल पर बैठे (एलसी-2) पहले वर्ष के छात्र निशांत ने बताया कि सोमवार को लॉ फैकल्टी की ओर से एक लिखित अपील की गई। इसमें छात्रों को आश्वासन दिया गया कि उनकी मांगों पर विचार करने की प्रक्रिया को जल्द से जल्द शुरू किया जाएगा।