एकेटीयू की ओर से नोएडा कैंपस में अगले साल तक डिजाइनिंग इंस्टीट्यूट शुरू करने की योजना है। इसके लिए यूनिवर्सिटी ने करीब 10 करोड़ रुपये का बजट भी पास कर दिया है और अगले साल तक कार्य पूरा करके नए शैक्षिक सत्र में कक्षाएं शुरू करने की तैयारी है।
वहीं, यूनिवर्सिटी की ओर से शासकीय तकनीकी शिक्षण संस्थानों में करीब 30 करोड़ रुपये से सौंदर्यीकरण भी किया जाएगा और इनमें संसाधनों को भी बढ़ाया जाएगा।
यूनिवर्सिटी के वाइस चासंलर प्रोफेसर विनय कुमार पाठक ने बताया कि प्रदेश के शासकीय संस्थानों में इक्यूबेशन और इनोवेशन सेंटर स्थापित कराए जाएंगे।
इसके अलावा शासकीय संस्थानों का सौंदर्यीकरण तथा शोध केंद्र आदि की स्थापना की जाएगी। इसी कड़ी में नोएडा स्थित सेक्टर-62 में खाली पडे़ एकेटीयू के कैंपस को प्रयोग करने के लिए यूनिवर्सिटी ने बड़ा कदम उठाया है।
यूनिवर्सिटी नोएडा कैंपस में डिजाइनिंग का कोर्स शुरू करेगी जिससे एक नया पाठ्यक्रम शुरू हो सकेगा और कैंपस भी काम आ सकेगा। इसके लिए यूनिवर्सिटी ने करीब 10 करोड़ का बजट पास कर दिया है और जल्द ही निर्माण कार्य भी शुरू कर दिया जाएगा।