केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने मंगलवार को मेडिकल कॉलेजों में दाखिले के लिए आयोजित संयुक्त प्रवेश परीक्षा नीट (नेशनल एलिजिबिलिटी इंट्रेस टेस्ट) का परिणाम जारी कर दिया।
दो चरणों नीट-1 व नीट-2 का यह संयुक्त परीक्षा परिणाम जारी हुआ है। इसमें 51.01 फीसदी (4,09,477 छात्र) ने यह परीक्षा पास की है जिसमें 19,325 उम्मीदवारों ने शीर्ष 15 फीसदी में जगह बनाई है।
टॉप थ्री में तीन लड़के शामिल है लेकिन ओवरऑल परिणाम की बात करे तो 2.26 लाख लड़कियों ने इस परीक्षा को क्वालीफाई करके लड़कों को पीछे छोड़ दिया है। गुजरात के हेत शाह ने 720 में 685 अंक हासिल कर ऑल इडिया टॉपर बने है।
सीबीएसई के विशेष कार्यकारी अधिकारी नीट डॉ. संयम भारद्वाज के मुताबिक उच्च न्यायालय ने हमे 17 अगस्त तक परीक्षा परिणाम घोषित करने का समय दिया था लेकिन हमने इसे एक दिन पहले ही कर दिया है।
उन्होंने बताया कि दो चरणों में हुई इस परीक्षा में आठ लाख से ज्यादा छात्रों ने पंजीकरण कराया था। मगर परीक्षा में 7.31 लाख छात्र उपस्थित रहे। परीक्षा में बैठे परीक्षार्थियों में से 4,09,477 के हाथ सफलता लगी। सफल होने वाले परीक्षार्थियों में 1,83,424 छात्र और 2,26,049 छात्राएं जबकि 4 ट्रांसजेंडर शामिल रहे।
डॉ. संयम ने बताया कि देशभर में उपलब्ध कुल मेडिकल दाखिले की सीटों में 15 फीसदी सीटें राष्ट्रीय स्तर पर आरक्षित होती है। इसके अंतर्गत देश में कुल 3865 सीटें उपलब्ध है।
इस बार इस 15 फीसदी सीटों के लिए कुल 19,325 छात्रों ने क्वालीफाई किया है। इसमें एक ट्रांसजेंडर भी शामिल है। इस वर्ग में 11,058 छात्र जबकि 8,266 छात्राएं सफल हुई है।
संयम भारद्वाज ने बताया कि इस बार सामान्य श्रेणी के लिए पात्रता का पैमाना अन्य की श्रेणी में कुल 720 अंकों में से 685 से 145 अंक तक रहा है। इस श्रेणी में 1,71,329 परीक्षार्थियों ने सफलता हासिल की है।
इसी तरह ओबीसी के लिए निर्धारित पैमाना 678 से 118 अंक रहा, जिसके अंतर्गत 1,75,226 परीक्षार्थी सफल हुए है। अनुसूचित जाति के लिए सफल परीक्षार्थियों के लिए अंक सीमा 595 से 118 अंक है और इसके अंतर्गत 47,183 परीक्षार्थी सफल हुए है। अनुसूचित जनजाति के अंतर्गत अंक सीमा 599 से 118 अंक है और इसके अंतर्गत 15,710 परीक्षार्थी सफल हुए है।