डीयू में छात्र की पिटाई पर आप का प्रदर्शन
- फोटो : अमर उजाला
दिल्ली विश्वविद्यालय के देशबंधु कॉलेज में एक छात्र की भाजपा सांसद के पुत्र हिमांशु बिधुड़ी द्वारा पिटाई करने पर आम आदमी पार्टी (आप) ने भाजपा पर हमला बोला है। आप का आरोप है कि बीजेपी गुंडागर्दी, भ्रष्टाचार को बढ़ावा दे रही है।
देशबंधु कॉलेज का पीड़ित छात्र ट्रॉमा सेंटर में भर्ती है पर अभी तक पुलिस ने केस दर्ज नहीं किया है। शनिवार को आप के दिल्ली संयोजक दिलीप पांडेय ने संवाददाता सम्मेलन में कहा कि बीजेपी की छात्र इकाई एबीवीपी (अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद) के सतेंद्र अवाना एसआरसीसी कॉलेज में प्रोफेसर को मारते है पर उनके खिलाफ कुछ नहीं होता है।
हमारे पार्षद, जो कि दलित भी हैं, उनकी खुलेआम कैमरे के सामने पिटाई होती है, अब देशबंधु में छात्र की पिटाई हुई है। लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की है। कारण सभी आरोपी बीजेपी से हैं।
आप विधायक नितिन त्यागी ने कहा है कि पुलिस के इस रवैये के खिलाफ आप की छात्र इकाई सीवाईएसएस (छात्र युवा संघर्ष समिति) देशबंधु की घटना पर दिल्ली पुलिस मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन करेगी।