उत्तर प्रदेश के जिला बुलंदशहर के सिकंदराबाद में पुलिस और बदमाशों के बीच जबरदस्त मुठभेड़ हुई, जिसमें वांछित अपराधी को गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं उसके अन्य साथियों की तलाश जारी है।
गौरतलब है कि लूट की घटना में वांछित चल रहे बदमाश से गुरुवार-शुक्रवार की दरम्यानी रात करीब एक बजे पुलिस की मुठभेड़ हुई। मुखबिर की सूचना पर सिकंदराबाद पुलिस सिरोधन रोड पर पहुंची जहां उसकी बदमाश के साथ मुठभेड़ हुई।
गौरतलब है कि वांछित बदमाश मोहित अपने एक साथी के साथ बाइक पर सवार होकर लूट की घटना को अंजाम देने निकला था। इस दौरान उसकी पुलिस के साथ मुठभेड़ हुई जिसमें वह गोली लगने से घायल हो गया।
पुलिस ने जानकारी दी है कि घायल बदमाश ने 14 सितंबर को दिन-दहाड़े सिकंदराबाद में लूट की घटना को अंजाम दिया था। मुठभेड़ के दौरान मोहित का साथी जैकी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। बदमाश मोहित के पास से एक तमंचा, कारतूस और बाइक बरामद हुई है। पुलिस फरार बदमाश की तलाश के लिए कांबिंग कर रही है।