पुलिस अधिकारी ने बताया कि बुधवार सुबह करीब 7.32 बजे पुलिस को मित्राऊं गांव के पास ढांसा रोड पर स्थित इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के पास एक ट्रक के सिलेंडर में विस्फोट होने की जानकारी मिली। सूचना मिलते ही पुलिस शौकीन सीएनजी पंप पर पहुंची। पुलिस ने वहां पर एक ट्रक के साथ साथ सीएनजी पंप स्टेशन को क्षतिग्रस्त हालत में पाया। दो तीन सिलेंडर क्षतिग्रस्त हालत में वहां बिखरे पड़े थे। पूछताछ में पता चला कि 10 पहियों वाले ट्रक के निचले बाएं हिस्से में लगा एक सीएनजी सिलेंडर में सीएनजी भरते समय विस्फोट हो गया।
धमाके के चपेट में आने से संजय नाम के युवक को मामूली चोट लगी, जिसे लोग निजी डॉक्टर के पास ले गए हैं। संजय को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। पुलिस अधिकारी ने जांच करने के बाद बताया कि धमाका में एक सिलेंडर के दो टुकड़े हो गए, वहीं तीन अन्य सीएनजी सिलेंडर भी टूट गए। इसके अलावा सीएनजी पंप मशीन और सीएनजी स्टेशन का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। पुलिस ने क्राइम और फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया। टीम ने वहां से कई साक्ष्य हासिल किए। उसके बाद पुलिस ने लापरवाही का मामला दर्ज कर लिया। पुलिस घटना के समय मौजूद ट्रक चालक, पंप कर्मचारी सहित अन्य लोगों से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।