- केजरीवाल के इस्तीफे की मांग को लेकर आदमी पार्टी कार्यालय पर भाजपा का प्रदर्शन, भ्रष्टाचार का पुतला फूंका
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के इस्तीफे की मांग को लेकर भाजपा ने मुहिम तेज कर दी है। बुधवार को भाजपा ने आम आदमी पार्टी कार्यालय पर विरोध-प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में एकत्रित हुए भाजपा नेताओं ने जमकर नारेबाजी की। इससे पहले पार्टी कार्यकर्ता आंध्र स्कूल के पास एकत्रित हुए। वहां लगे पुलिस बैरिकेड को तोड़कर आम आदमी पार्टी कार्यालय की ओर बढ़े। पार्टी कार्यकर्ताओं ने बाल भवन मोड़ पर दिल्ली सरकार का पुतला जलाया। यहां पुलिस ने उन्हें बलपूर्वक रोक लिया। उग्र प्रदर्शन को देखते हुए वाटर कैनन तक का इस्तेमाल करना पड़ा। इससे प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा समेत कई कार्यकर्ता घायल भी हुए। कुछ के पैर फ्रैक्चर भी हुआ। मौके पर बेहोश हुए सचदेवा को डाॅ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इससे पहले भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्रस चदेवा ने कहा कि दिल्ली उच्च न्यायालय का निर्णय आने के बाद अरविंद केजरीवाल को मुख्यमंत्री बने रहने का कानूनी अधिकार भी नहीं बचा। उन्हें नैतिकता के आधार पर भी इस्तीफा दे देना चाहिए। उन्होंने कहा कि राजमहल का मोह इतना भारी है कि जब मनीष सिसोदिया और सत्येंद्र जैन जेल गए तो उनका इस्तीफा ले लिया गया। लेकिन केजरीवाल के मामले में जेल से सरकार चलाने का बयान दिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली की जनता हर घोटालों का हिसाब लेगी।
विधानसभा नेता प्रतिपक्ष रामवीर सिंह बिधूड़ी ने कहा कि दिल्ली भाजपा विधायक विधानसभा के अंदर और बाहर इसके खिलाफ लड़ रहे हैं। अदालत के फैसले के बाद साफ हो गया है कि केजरीवाल दिल्ली के सबसे भ्रष्ट मुख्यमंत्री हैं। वहीं डॉ. हर्षवर्धन ने कहा कि यह दिल्ली भाजपा कार्यकर्ताओं के संघर्ष का परिणाम है कि दिल्ली के मुख्यमंत्री, उप मुख्यमंत्री शराब घोटाले में अंदर हैं। पूर्व स्वास्थ्य मंत्री हवाला स्कैम के लिए कैद हैं। अरविंद केजरीवाल पर जब तक जांच चल रही है तब तक उन्हें अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए। शाजिया इल्मी ने कहा कि शराब घोटाले से सफर शुरू कर अरविंद केजरीवाल जेल तक पहुंचे हैं तो इसकी वजह है उनका दिल्ली में घोटालों का एक लंबी सीरीज चलाना। विधायक विजेंद्र गुप्ता, अजय महावर, मोहन सिंह बिष्ट, अनिल वाजपेई ने कहा कि अरविंद केजरीवाल ऐसे मुख्यमंत्री साबित हुए हैं जो दिल्ली की जनता का भला करने की जगह उनके साथ धोखा दिया है।
वाटर कैनन की तेज धार से नीचे गिरे
प्रदर्शन के दौरान प्रदेश भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने जैसे ही बैरिकेड पर चढ़कर सरकार के खिलाफ नारेबाजी शुरू की। वाटर कैनन के तेज बौछार से वह संतुलन खो बैठे। नीचे गिरते ही उन्हें कंधे में चोट लगी। कार्यकर्ता निजी वाहन से उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे। उन्हें भर्ती कर इलाज शुरू कर दिया गया है। उनसे मिलने प्रदेश चुनाव प्रभारी ओमप्रकाश धनकड़ भी पहुंचे। सचदेवा के साथ ही कई कार्यकर्ताओं को भी चोट लगी। नवीन शहादरा जिले के युवा मोर्चा अध्यक्ष राहुल पंडित भी प्रदर्शन में गंभीर रुप से घायल हुए। उनके पैर में फ्रैक्चर हुआ है।