भाजपा ने एमसीडी चुनाव के लिए जारी किया संकल्प पत्र
- फोटो : एएनआई
एमसीडी में चौथी बार सत्ता हासिल करने का मसौदा भाजपा ने जारी कर दिया है। एमसीडी में सरकार आने की सूरत में 12 मसलों पर काम करने का भाजपा ने वायदा किया है। इसके जरिए पूर्वांचल से ताल्लुक रखने वाले मतदाताओं के साथ महिलाओं, झुग्गी बस्तियों के निवासियों, रेहड़ी पटरी वालों, व्यापारियों, युवाओं को लुभाने वाली घोषणा की है। हरियाली बढ़ाकर दिल्ली की हवा का साफ करने का वायदा करके भाजपा ने शहरी तबके को भी साधने की कोशिश की है।
प्रदेश भाजपा कार्यालय में संकल्प पत्र शुक्रवार केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने जारी किया। इसमें जिन सुविधाओं को देने का वायदा भाजपा ने किया है, उसमें ई-गवर्नेस से निगम की सेवाएं मोबाइल में लाने, निगम कर्मचारियों को बेहतर सुविधाएं, प्रदूषण का नियंत्रण करने व दिल्ली को हराभरा व भविष्य की जरूरतों को पूरा करने वाला बनाने, हर बेघर को आवास प्रदान करने, गृह निर्माण नियमों को सरल, संपति कर में छूट बढ़ाने व आरडब्ल्यूए के साथ मिलकर काम करने का ऐलान किया गया। इसके अलावा सभी साप्ताहिक बाजारों का नियमितीकरण, रेहड़ी पटरी एवं असंगठित मजदूरों एवं उपेक्षित वर्गों को सुविधाएं देने, फैक्ट्री लाइसेंस समाप्त व व्यापारियों को लाइसेंस फीस में और छूट देने की घोषणा की।
संकल्प पत्र में झुग्गी झोपड़ी, ग्रामीण इलाकों, अनधिकृत कालोनियों व जेजे कलस्टर में बुनियादी सुविधाएं देने, महिलाओं के लिए स्वरोजगार के अवसर, आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं और गरिमापूर्ण जीवन सुनिश्चित करने, युवाओं को स्वरोजजगार के नए अवसर व वर्ष 2027 तक सभी 1616 स्कूलों को स्मार्ट स्कूल में परिवर्तित करने का भी वादा किया। वहीं स्वास्थ्य सुविधाओं का आधुनिकरण करने और उन्हें जन औषधि केंद्रों से जोड़ने, पार्किंग की बेहतर सुविधा व लावारिश पशुओं की समस्या का निराकरण करने और एक हजार स्थायी छठ घाट व जलाशय बनाने और दिल्ली की सांस्कृतिक विरासत का सृजन का वचन दिया।