गाजियाबाद के नंदग्राम में रहने वाली बीबीए छात्रा और उसकी छोटी बहन को दरोगा के बेटे समझौते के बाद भी परेशान कर रहे हैं।
छात्राओं का आरोप है कि राह चलते सब इंस्पेक्टर के बेटे छेड़ते हैं और उनका पीछा मुंह पर सिगरेट का धुआं उड़ाते हैं। आरोपियों की हरकतों से परेशान होकर छात्राओं ने बीसीए छात्र और उसके दोस्त के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
उधर, आरोपियों के परिजनों का दावा है कि छात्राएं बेटे पर फ्रेंडशिप के लिए दबाव बनाती हैं। वहीं, छात्राएं आरोपों को बेबुनियाद बता रही हैं।
सरेराह दोस्ती करने का डालते हैं दबाव
बीबीए छात्रा ने बताया कि मेरठ में तैनात एक सब इंस्पेक्टर और नोएडा में तैनात एक महिला सब इंस्पेक्टर के बेटे उसका और उसकी बहन का पीछा करते हैं।
स्कूल-कॉलेज आते जाते परेशान करते हैं। राह चलते मुंह पर सिगरेट का धुआं मारते हैं और जबरन दोस्ती करने का दबाव बनाते हैं। सरेराह छेड़खानी और कमेंट्स करते हैं।
पुलिस से शिकायत की गई तो पुलिस ने भी आरोपियों का पक्ष लिया। इसके बाद छात्रा सोमवार दोपहर परिजनों के साथ सिहानी गेट थाने पहुंची। आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दी।
चार दिन पहले ही छात्रा और उसकी मां को बनाया था बंधक
उधर, आरोपियों के बचाव में उनके परिजन भी थाने पहुंचे। महिला सब इंस्पेक्टर का कहना है कि छात्रा उनके बेटे पर फ्रेंडशिप का दबाव बनाती है।
फ्रेंडशिप न करने पर उन्हें झूठे मामले में फंसा रही हैं। एसएचओ उपेंद्र यादव का कहना है कि जांच की जा रही है। बता दें कि चार दिन पहले छात्रा ने आरोप लगाया था कि आरोपी उसकी मोबाइल से वीडियो बना रहे थे।
आरोप था कि शिकायत करने मां के साथ छात्रा आरोपी के घर गई तो उन्हें मेरठ में तैनात सब इंस्पेक्टर के बेटे ने घर में बंधक बना लिया था और मारपीट की थी। नंदग्राम पुलिस चौकी में दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया था।