फरीदाबाद के सेक्टर-59 बापू नगर में पड़ी झुग्गियों को नगर निगम ने शिफ्ट करने की प्रक्रिया तेज कर दी है।
15 जुलाई को पहला ड्रॉ निकाला जाएगा। निगम के मुताबिक, पहले चरण में 149 लोगों को फ्लैटों में शिफ्ट किया जाएगा। शेष बचे लोगों और संजय कॉलोनी के लोगों की पात्रता की जांच कर उन्हें शिफ्ट किया जाएगा।
ज्ञात हो कि सेक्टर-59 बापू नगर में जेएनएनयूआरएम स्कीम के तहत करीब 960 फ्लैट का निर्माण किया गया है। जिसमें बापूनगर और संजय कालोनी के लोगों को शिफ्ट करने की योजना है।
जानकारों के अनुसार इन फ्लैटों के साथ लगी जमीन पर इस वक्त 200 झुग्गियां बनी हुई हैं। शिफ्टिंग के लिए नगर निगम इनका पहले ही बॉयोमैट्रिक सर्वे कर चुका है। पात्र लोगों की सूची तैयार की जा चुकी है।
निगम की योजना है कि उक्त झुग्गिवासियों को फ्लैट में शिफ्ट कर दिया जाए। इससे निगम की तकरीबन 5 एकड़ जमीन खाली हो जाएगी। इस जमीन को नगर निगम हरियाणा हाउसिंग बोर्ड को देने की योजना बनाई है ताकि यहां ईडब्ल्यूएस के फ्लैट बनाए जा सके।
निगमायुक्त विकास यादव के मुताबिक पहली लिस्ट में पात्र पाए गए 149 लोगों का ड्रॉ 15 जुलाई को सुबह 11:00 बजे निकाला जाएगा। पात्र लोगों का मौके पर मौजूद रहना जरूरी है ताकि ड्रॉ निकलने के बाद उन्हें मकान नंबर सहित आबंटन पत्र थमाया जा सके।