फरीदाबाद के थाना सारन की पर्वतीया कॉलोनी चौकी पर रविवार को गुस्साए लोगों ने ताला जड़ दिया।
लोग भूमाफियाओं के खिलाफ कार्रवाई नहीं होने से नाराज थे। आरोप है कि 80 वर्षीय एक बुजुर्ग के प्लॉट पर कुछ भू-माफिया ने कब्जा कर लिया है। इस मामले में पुलिस लापरवाही बरत रही है।
रविवार सुबह 10 बजे प्रेस कॉलोनी निवासी बुजुर्ग रसूल खान(80) के साथ कई लोग पर्वतीया कॉलोनी चौकी पर पहुंचे। ताला जड़ने वालों में शामिल संतोष यादव ने बताया कि रसूल खान का चाचा चौक के पास 184 गज का प्लॉट है, जिस पर इलाके के कुछ भूमाफियाओं ने करीब दो माह पहले कब्जा कर लिया था।
पुलिस से कई बार शिकायत करने के बाद भी पर्वतीया कॉलोनी चौकी पुलिस ने न तो मामला दर्ज किया और न ही कोई कार्रवाई की।
ताला जड़ने के बाद लोगों ने काफी देर तक हंगामा किया, इस दौरान कई पुलिसकर्मी चौकी के अंदर ही रह गए। गुस्साए लोग ताला जड़ने के बाद थाना सारन पहुंचे और वहां पुलिस अधिकारियों से मिले।
पुलिस द्वारा उचित कार्रवाई करने के आश्वासन के बाद ताले की चाबी पुलिस को सौंपी। इस मामले में एसीपी मुजेसर कृष्ण कुमार का कहना है कि मामले की जांच करके उचित कार्रवाई की जाएगी।