आखिरकार बुधवार को नवनिर्मित बड़खल रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) को जनता के लिए औपचारिक रूप से खोल दिया गया। हुडा प्रशासक सुप्रभा दहिया ने पुल का निरीक्षण करने के बाद इसे खोलने के आदेश दे दिए। अब यह पुल फोर लेन हो गया है। इससे लोगाें को जाम से मुक्ति मिलेगी।
हुडा ने 15 दिसंबर, 2011 को पुल को फोर लेन बनाने का काम शुरू किया था। पहले पुल को शुरू करने की डेडलाइन जनवरी तय की गई थी, लेकिन समय पर काम पूरा न होने के कारण इसे शुरू नहीं किया जा सका।
मार्च में काम पूरा होने के बाद रेलवे से पुल को शुरू करने के लिए अनुमति मांगी गई थी। रेलवे की तरफ से अनुमति आने के बाद ही हुडा ने पुल को शुरू किया। आचार संहिता लगने के कारण मुख्यमंत्री इसे शुरू नहीं कर सके।
पुल पर 19.5 करोड़ रुपये की लागत आई। रेलवे ओवरब्रिज के बन जाने से सेक्टर 21ए, बी, सी, डी, अनंगपुर, अनखीर, बड़खल और इसके आसपास की कॉलोनियों व सेक्टरों के लोगों को ओल्ड फरीदाबाद, सेक्टर-28, 29, नहरपार, सेक्टर-17, 18, 19 एवं 14, 15 आना-जाना काफी आसान हो जाएगा। साथ ही सूरजकुंड के रास्ते दिल्ली की तरफ जाने-आने वाले लोगों को भी इससे फायदा होगा।