एनसीआर आटो सोमवार को डेमो में पास हो गया। आरटीओ और आरआई ने आटो का निरीक्षण कर इसको संचालन के लिए हरी झंडी दे दी।
सुरक्षा की दृष्टि से एनसीआर आटो को दिल्ली की तर्ज पर कांट्रेक्ट कैरीज (बुकिंग पर चलने वाला वन पार्टी व्हीकल) की श्रेणी में रखा गया है। फिलहाल इनको यूपी के किराए पर ही संचालित किया जाएगा। जाम में फंसने के 15 मिनट बाद वेटिंग चार्ज शुरू हो जाएगा।
परिवहन मानकों पर तैयार किया गया एनसीआर आटो सोमवार को आरटीओ आफिस पहुंचा। आरटीओ और आरआई ने आटो का मानकों के आधार पर परीक्षण किया। टीवीएस कंपनी के आटो को डेमो में सही पाया गया है।
दिल्ली के समान किराए के प्रस्ताव पर फिलहाल शासन ने मुहर नहीं लगाई है। ऐसे में एनसीआर आटो को यूपी के किराए पर चलाने का निर्णय लिया गया है।
नए आटो के मीटरों में यूपी का किराया फीड किया जाएगा। जाम में फंसने या कहीं पर खड़े होने पर 15 मिनट बाद मीटर वेटिंग चार्ज लगाना शुरू कर देगा।
लोकेशन, गति और किसी बिंदु पर पहुंचने का टाइम बताएगी कंपनी
मीटर में इनबिल्ड जीपीएस लगाया गया है। यह आटो के चलने की दिशा, गति और किसी निर्धारित स्थान पर पहुंचने के समय के बारे में भी जानकारी देगा। कोई भी व्यक्ति दिनरात कभी भी आटो का नंबर बताकर उसकी लोकेशन जान सकेगा।
दिल्ली की घटना के बाद आटो की फिटनेस में सुधार
परिवहन विभाग ने दिल्ली में कैब में हुए बलात्कार के बाद नियमों में थोड़ा बदलाव कर दिया है। अब आटो पर उसका नंबर बाहर चारों ओर लिखा जाएगा।
आटो पर अंदर चालक और बाहर मालिक का नाम व मोबाइल नंबर लिखा जाएगा। यह लिखाई अंधेरे में चमकने वाले रंग से कराई जाएगी।
अगले सप्ताह से शुरू हो सकता है आटो का सफर
टीवीएस की एजेंसी जीएस मोटर्स के एमडी प्रमोद गर्ग ने बताया कि फिटनेस का नया रंग मंगलवार तक पूरा कर लिया जाएगा। बुधवार से परमिट प्राप्त कर लेंगे।
377 लोगों के आवेदन प्राप्त हो गए हैं। इनका बैंक लोन भी स्वीकृत हो गया है। एआरटीओ केपी गुप्ता ने बताया कि अगले सप्ताह से एनसीआर आटो दौड़ने लगेगा।
चार सदस्य हुए तो लेंगे दो आटो
एनसीआर आटो में किसी तरह का साइड पर्दा नहीं लगाया जा सकेगा। आटो दोनों ओर साइड से खुला रहेगा। एक आटो में एक से तीन तक व्यक्ति ही सफर कर सकेंगे, मीटर के हिसाब से किराया एक ही होगा। किसी परिवार के चार सदस्य होने पर उनको दो आटो लेंगे होंगे।
सौ मीटर के हिसाब से लिया जाएगा किराया
एनसीआर आटो का किराया मीटर डाउन के बाद सौ मीटर के हिसाब से वसूला जाएगा। यूपी के किराए के हिसाब से स्टार्ट होने से पहले एक किमी तक के लिए छह रुपये देनेे होंगे।
इसके बाद 60 पैसे प्रति सौ मीटर के हिसाब से बिल निकलेगा। दिल्ली के आटो में पहले दो किमी के लिए 25 रुपये और इसके बाद प्रति 100 मीटर के लिए 80 पैसे किराए का बिल प्रिंट होकर निकलेगा।