नई दिल्ली में कंझावला के मीर विहार इलाके में बृहस्पतिवार रात अज्ञात बदमाशों ने पिता-पुत्र पर चाकू से हमला कर दिया। दोनों को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान नाबालिग बेटे की मौत हो गई। मृतक की शिनाख्त शमशेर आलम उर्फ शम्से (17) के रूप में हुई है।
पुलिस घायल पिता से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है। पुलिस आशंका जता रही है कि रंजिशन दोनों पर हमला किया गया है। कंझावला थाना पुलिस घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से मामले की छानबीन कर रही है।
जिला पुलिस उपायुक्त एसडी मिश्रा ने बताया कि शमशेर आलम अपने परिवार के साथ मीर विहार में रहता था। उसके परिवार में पिता मोहम्मद सलीम, मां जरीना और एक बहन है।
सलीम और शमशेर दोनों सब्जी बेचने का काम करते थे। बृहस्पतिवार रात दोनों सब्जी बेचकर घर लौट रहे थे। इस बीच घर से चंद कदमों की दूरी पर तीन युवकों ने दोनों को रोक लिया। आरोपियों ने दोनों को पीटना शुरू कर दिया।
इसके बाद एक बदमाश ने पहले पिता पर चाकू से हमला कर दिया, फिर बेटे पर ताबड़तोड़ कई वार किए। शोरशराबा सुनकर आरोपी वहां से फरार हो गए। इधर सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल सलीम व उसके बेटे शमशेर को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां सलीम को इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई जबकि शुक्रवार दोपहर शमशेर की मौत हो गई।