उत्तर प्रदेश के बुंदेलखंड से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से देश में 'रेवड़ी कल्चर' को बढ़ावा देने वाले सियासी दलों को कटघरे में खड़ा किए जाने पर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने पलटवार किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान ने चाहा तो वह देश के एक-एक बच्चे को मुफ्त शिक्षा और इलाज देंगे। यह 'मुफ्त की रेवड़ी' नहीं, पुण्य का काम बताया है। इसके उलट उद्योगपति दोस्तों के करोड़ों रुपये के कर्ज माफ करना, विदेशी सरकारों से ठेके दिलाना 'मुफ्त की रेवड़ी' है।
प्रधानमंत्री के संबोधन के बाद दिल्ली में मीडिया से बात करते हुए अरविंद केजरवील ने कहा कि उन पर आरोप लगाए जा रहे हैं कि केजरीवाल फ्री की रेवड़ियां बांट रहा है। इस पर गालियां दी जा रही हैं। उनका सवाल था कि इसमें गलत क्या है? दिल्ली के गरीबों और मध्यम वर्ग के बच्चों को सरकार अपने स्कूलों में बेहतरीन शिक्षा दे रही है, जो मुफ्त है। अभी तक सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले 18 लाख बच्चों का भविष्य अंधकार में था। जब आप की सरकार बनी थी, उससे पहले जैसे देश भर में सरकारी स्कूलों का बेड़ा गर्क है, देशभर में सरकारी स्कूलों की बुरी हालत है, वैसे ही दिल्ली के सरकारी स्कूलों की भी हालत थी।
अरविंद केजरीवाल के मुताबिक, सत्ता में आने के बाद आप सरकार ने स्कूलों को बेहतर किया, बच्चों को अच्छी और शानदार शिक्षा दी गई, वह भी मुफ्त में। इसमें क्या गुनाह है? केजरीवाल ने बताया कि आजादी के बाद 75 साल में पहली बार सरकारी स्कूलों में 99 फीसद से ज्यादा नतीजे आए। सरकारी स्कूलों ने निजी स्कूलों को भी पीछे छोड़ दिया है। करीब चार लाख बच्चों ने निजी स्कूल से सरकारी में दाखिला करवाया है। गरीबों के बच्चे इंजीनियरिंग, डॉक्टरी की पढाई कर रहे हैं। एक-दो नहीं, हजारों बच्चों का भविष्य आज सरकार ने सुनहरा किया है। यह काम 1947, 1950 में हो जाना चाहिए था। आज हम लोग देश की नींव रख रहे हैं। यह रेवड़ी नहीं है, हम लोग यह देश की नींव में एक-एक ईट रख रहे हैं।
मुफ्त में इलाज करवाना पुण्य का काम
अरवर ंद केजरीवाल ने कहा कि आज सरकारी अस्पताल बेहतरीन हैं। मोहल्ला क्लीनिक की पूरी दुनिया में तारीफ हो रही है। एक-एक आदमी का इलाज मुफ्त है। अगर किसी के ऑपरेशन का 30, 40 या 50 लाख रुपये का खर्चा आएगा, तो उसकी सारी दवाइयां, सारे टेस्ट और सारे डायग्नोस्टिक, सब कुछ मुक्त है। उनका सवाल था कि क्या यह फ्री की रेवड़ियां बांटना हुआ? सड़क दुर्घटनाओं के लिए चल रही फरिश्ते योजना में अभी तक 13 हजार से अधिक लोगों की जान बचा चुके हैं। उन 13 हजार लोगों के परिवार वालों से पूछो कि क्या केजरीवाल फ्री की रेवड़ियां बांट रहा है या पुण्य का काम कर रहा है, धर्म का काम कर रहा है।
मंत्रियों को चार-पांच हजार यूनिट मुफ्त बिजली ठीक, गरीब जनता की 200-300 यूनिट मुफ्त बिजली से तकलीफ
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि आज दिल्ली के हर परिवार को 200 यूनिट मुफ्त बिजली मिल रही है। पंजाब में यह 300 यूनिट है। इस पर विपक्षी दल कहते हैं कि केजरीवाल फ्री में बिजली क्यों दे रहा है? केजरीवाल ने सवाल किया कि मंत्रियों को कितनी फ्री में बिजली मिलती है? मंत्रियों को 4-4, 5-5 हजार यूनिट तक बिजली मुफ्त मिलती है, तब ठीक है, लेकिन गरीब जनता को अगर 200-300 यूनिट बिजली दे दी, तो बड़ी तकलीफ होती है। दिल्ली के अंदर हमने मुफ्त में लोगों को योग कराना चालू किया है। दिल्ली में सबकी दवाइयां, सारा टेस्ट और सबका इलाज फ्री कर दिया। हमारा मकसद है कि कोई बीमार ही ना पड़ना चाहिए। इसी तरह दिल्ली में हजारों बुजुर्गों को मुफ्त में तीर्थ यात्रा कराई है। अरविंद केजरीवाल ने बताया कि बावजूद इसके दिल्ली का बजट मुनाफे में है। सीएजी ने अपनी रिपोर्ट में भी इसको माना है।
उद्योगपति दोस्त के पैसे माफ करना होती फ्री रेवड़ी
अरविंद केजरीवाल ने बताया कि एक बहुत बड़ी कंपनी है। उस कंपनी ने कई बैंकों से लोन लिया। वो लोग उस लोन को खा गए। बैंक दिवालिया हो गए। उस कंपनी ने एक राजनीतिक पार्टी को चंद करोड़ रुपये का चंदा दे दिया और उस कंपनी के खिलाफ सरकार ने कोई कार्रवाई नहीं की। सही मायने में यह फ्री की रेवड़ी है। जब आप विदेशों की यात्रा पर जाते हैं और इसके बहाने आप अपने चंद दोस्तों के लिए विदेशी सरकारों से ठेके लेते हैं, तो यह फ्री की रेवड़ी है। केजरीवाल ने कहा कि आज देश में दो किस्म की राजनीति चल रही है।एक ईमानदार राजनीति और एक भ्रष्टाचारी राजनीति। आज इस देश की जनता को तय करना है कि आपको ईमानदारी की राजनीति चाहिए या भ्रष्टाचार की राजनीति चाहिए।
भारत बनेगा दुनिया में नंबर-1
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि आजादी के 75 सालों में हमारे से पता नहीं, कितने देश आगे बढ़ गए। बांग्लादेश तक भी कई चीजों में हमसे आगे बढ़ गया है। हम पीछे क्यों रह गए? जबकि यहां सब कुछ है। पहाड़, नदियां, तरह-तरह की जड़ी-बूटियां, फसलें, समुद्र तट सब कुछ दे रखा है। भारत के लोग इतने बुद्धिमान हैं। आज दिल्ली के अंदर बच्चों को बिना कुछ खर्चा किए अच्छी शिक्षा मिल रही है, इलाज हो रहा है। अगर कभी भगवान ने चाहा, तो देश के एक-एक बच्चे को हम फ्री की शिक्षा देंगे, अच्छी और शानदार शिक्षा देंगे। देश के एक-एक व्यक्ति को हम अच्छा इलाज देंगे, फ्री का इलाज देंगे और शानदार इलाज देंगे। इससे देश की नींव रखी जाएगी। इसी से भारत दुनिया का नंबर वन देश बनेगा।