आर्य समाज मंदिर में टुंडा ने प्रेमिका से की शादी
अदालत से मिली थी छह घंटे की पैरोल
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। गैंगस्टर संदीप उर्फ काला जठेड़ी की शादी के तीन दिन बाद जेल में बंद एक और गैंगस्टर की शुक्रवार को विकासपुरी में शादी हुई। गैंगस्टर योगेश दहिया उर्फ टुंडा ने विकासपुरी स्थित आर्य समाज मंदिर में प्रेमिका के साथ शादी कर ली। कड़ी सुरक्षा के बीच टुंडा को तिहाड़ जेल से मंदिर लाया गया।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि हरियाणा के सोनीपत के रहने वाला योगेश दिल्ली के अलीपुर में रहता था। टुंडा ने अपनी प्रेमिका से शादी करने के लिए पांच मार्च को उच्च न्यायालय में याचिका दायर की थी। अदालत ने उसे शादी के लिए छह घंटे की पैरोल दी थी। योगेश मई, 2023 में तिहाड़ में एक अन्य गैंगस्टर सुनील मान उर्फ टिल्लू ताजपुरिया की हत्या में शामिल था और फिलहाल वह तिहाड़ जेल में बंद है।
टुंडा पर हत्या, हत्या के प्रयास, डकैती, रंगदारी और शस्त्र अधिनियम जैसे एक दर्जन मामलों में शामिल है। उस पर दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल ने मकोका (महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम) के तहत मामला दर्ज किया हुआ है।
टुंडा की शादी को लेकर विकासपुरी स्थित आर्य समाज मंदिर में पुलिस कर्मियों की तैनाती की गई थी। उसे दोपहर 12 बजे से शाम 6 बजे के बीच पैरोल मिली थी। मंदिर के अलावा पुलिस की टीम आसपास के इलाके में तैनात रही। इस दौरान स्पेशल सेल और अपराध शाखा की टीम भी मौजूद रही। दोपहर में उसे तीसरी बटालियन की सुरक्षा में जेल वैन से मंदिर में लाया गया। दोनों ने हिंदू रीति-रिवाजों के साथ शादी की। पुलिस अधिकारी ने बताया कि नीतू खानपुर की रहने वाली है। दोनों के बीच पिछले नौ साल से संबंध थे। टुंडा गोगी गैंग का सदस्य है। शाम में उसे जेल वैन से वापस तिहाड़ जेल भेज दिया गया।