फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Rajendra Nagar By-Election: चुनावी वादों की बौछार में भीगा राजेंद्र नगर, स्थानीय मुद्दों के नाम पर मांगे जा रहे हैं वोट

Sun, 12 Jun 2022 05:06 AM IST
विजय पुंडीर अमर उजाला ब्यूरो, नई दिल्ली

सार

बिजली, पानी, पेंशन समेत अन्य मामलों को जहां भाजपा भुना रही है, तो वहीं आम आदमी पार्टी दिल्ली सरकार के शिक्षा, स्वास्थ्य और बेहतर सड़कों को आधार बनाकर मतदान करने की अपील कर रही है। दिल्ली कांग्रेस मानसून पूर्व होने वाली नालों की सफाई, हल्की बारिश में भारी जलभराव समेत अन्य बुनियादी सुविधाओं को लेकर भाजपा व आप को कटघरे में खड़ा कर रही है।
विज्ञापन
प्रतीकात्मक तस्वीर - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

राजेंद्र नगर विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव में जीत हासिल करने के लिए तीनों प्रमुख पार्टियां पूरा जोर लगा रही हैं। मतदाताओं को लुभाने के लिए बिन बारिश चुनावी वादों की बौछार में भिगोया जा रहा है। स्थानीय मुद्दों पर प्रचार जोर पकड़ने लगा है।

विज्ञापन


बिजली, पानी, पेंशन समेत अन्य मामलों को जहां भाजपा भुना रही है, तो वहीं आम आदमी पार्टी दिल्ली सरकार के शिक्षा, स्वास्थ्य और बेहतर सड़कों को आधार बनाकर मतदान करने की अपील कर रही है। दिल्ली कांग्रेस मानसून पूर्व होने वाली नालों की सफाई, हल्की बारिश में भारी जलभराव समेत अन्य बुनियादी सुविधाओं को लेकर भाजपा व आप को कटघरे में खड़ा कर रही है।

उपचुनाव में जीत दर्ज करने के लिए तीनों प्रमुख पार्टियों के नेता प्रचार में जुटे हैं। शनिवार को भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने पार्टी प्रत्याशी के लिए घर-घर जाकर लोगों से संपर्क किया। इस दौरान उन्होंने कई कॉलोनियों में पहुंचकर वरिष्ठ नागरिकों से पेंशन की सुविधा पर बातचीत की। उन्होंने कहा कि बिजली-पानी की समस्या पूरी दिल्ली में है। माता-बहनें परेशान हैं। वृद्धा पेंशन भी दिल्ली सरकार ने बंद कर दी है। ट्वीट कर तिवारी ने कहा...‘पेंशन भी बंद, लाइट भी नहीं, पानी भी नहीं, भाजपा को दो वोट तो घमंडी आप को लगे चोट।’
विज्ञापन


प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष चौधरी अनिल कुमार ने कहा कि दिल्ली को जलभराव से मुक्त करने की सरकार के पास कोई योजना नहीं है। अब तक कोई ड्रेनेज मास्टर प्लान नहीं बनाया गया है। एक तरफ जहां भाजपा शासित नगर निगम ने चार फीट से कम चौड़े नालों की सफाई नहीं कराई, वहीं केजरीवाल सरकार ने चार फीट से अधिक चौडे़ नालों की सफाई नहीं कराई। नालों की सफाई नहीं होने से इस बार जलभराव का सामना पड़ सकता है। पांडव नगर, इंद्रपुरी जेजे कॉलोनी, टोडापुर वाल्मीकि मोहल्ला, दशघरा वाल्मीकि मोहल्ला क्षेत्रों में हल्की बारिश में भारी जलभराव होना सामान्य बात है।

आम आदमी पार्टी ने पांडव नगर इलाके के स्थानीय निवासियों के बीच पहुंचकर प्रचार किया। मतदाताओं से आप प्रत्याशी के पक्ष में वोट डालने की अपील की गई। कहा कि आप की सरकार है, इसलिए आप विधायक जीतेंगे तो बेहतर काम होगा। सभी दिल्ली के मुख्यमंत्री की नीयत और ईमानदार राजनीति से खुश है।

विज्ञापन

आप नेता भाजपा में शामिल
राजनीतिक पार्टी बदलने का सिलसिला एक बार फिर तेज हो गया है। शनिवार को आम आदमी पार्टी की नेता ममता कोचर प्रदेश भाजपा में शामिल हो गई। वह आम आदमी पार्टी राजेंद्र नगर विधानसभा क्षेत्र की संगठन मंत्री, महिला एवं बाल विकास दिल्ली सरकार विधायक प्रतिनिधि हैं। इसके साथ ही इंद्रपुरी मंडल के पूर्व अध्यक्ष विनोद गर्ग, सोनिया सचदेवा समेत कई नेता भाजपा में शामिल हुए। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने पार्टी का पटका पहनाकर उन्हें सदस्यता दिलाई। इस मौके पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि आम आदमी पार्टी से राजेंद्र नगर की जनता को ही नहीं, बल्कि पूरी दिल्ली को निराशा है। आप कार्यकर्ता भी पिछले सात साल के वादे पूरे नहीं होने से नाराज हैं। राजेंद्र नगर के लोगों को विश्वास दिलाता हूं कि 90 दिनों के अंदर नारायणा और इंद्रपुरी के बीच में रेलवे ब्रिज की समस्या को खत्म कर देंगे। किराएदारों के लिए नया बिजली मीटर लगाने लड़ाई लड़ेंगे।

कानून व्यवस्था मजबूत करने पर चर्चा करने के लिए पाठक ने कमिश्नर को पत्र लिखा 
राजेंद्र नगर में कानून व्यवस्था को मजबूत करने पर चर्चा करने के लिए आप प्रत्याशी दुर्गेश पाठक ने दिल्ली पुलिस कमिश्नर को पत्र लिखा है। उन्होंने कहा है कि दिल्ली पुलिस कमिश्नर राकेश अस्थाना को आमंत्रित करता हूं कि वह चर्चा के लिए आएं। पाठक ने कहा कि सोशल मीडिया पर चल रहे एक वीडियो को आधार बनाकर कहा कि सरेआम चार लोगों ने बंदूक दिखाकर बाबा से 10 लाख के जेवर लूट लिए। घटना 6 जून की है, लेकिन अभी तक किसी की भी गिरफ्तारी इस मामले में नहीं हुई है। पाठक ने पत्र में यह भी कहा कि राजेंद्र नगर में कानून व्यवस्था को मजबूत करना जरूरी है। 6 जून की रात 10 बजे बाबा कुछ काम से अपनी दुकान पर पहुंचे थे। यह दुकान उन्होंने किराए पर दी हुई है। गाड़ी से निकलकर बाबा दुकान पर पहुंचे ही थे कि कुछ लोगों ने बंदूक दिखाकर लूटपाट की।

जागरूक करने निकला डेमोक्रेसी रथ
दिल्ली के राजेंद्र नगर विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव की बड़े स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। मतदाताओं को जागरूक करने के लिए चुनाव कार्यालय की ओर से डेमोक्रेसी रथ उतारा गया है। कोशिश है कि ज्यादा से ज्यादा संख्या में मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करें। 23 जून को होने वाले उपचुनाव से पहले इस विधानसभा क्षेत्र में यह रथ कोने-कोने में घूमेगा। इसमें एलईडी स्क्रीन, ऑडियो सिस्टम और एक नुक्कड़ नाटक की टीम शामिल है। डेमोक्रेसी रथ नाम का यह वाहन दिल्ली के मुख्य चुनाव अधिकारी (सीईओ) कार्यालय की पहल से आम जनता के बीच जाएगा। मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए यह कवायद की जा रही है। राजेंद्र नगर विधानसभा 2020 के चुनावों में 58.27 प्रतिशत के करीब मतदान हुआ था। मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए दो नुक्कड़ नाटक मंडली बनाई गई हैं, जो प्रतिदिन कई स्थानों पर मतदाताओं को जागरूक करेंगी। उधर, बॉलीवुड अभिनेत्री सोनम कपूर भी मतदाताओं को जागरूक कर रही हैं।

घर-घर नल से जल का इंतजार कर रहे लोग
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने कहा कि पानी की समस्या लगातार बढ़ती जा रही है। दिल्ली की जनता पिछले सात साल से घर-घर नल से जल का इंतजार कर रही है। पानी को लेकर दबाव बढ़ता गया तो दिल्ली सरकार ने कई विधानसभा क्षेत्रों का पानी कनेक्शन काटकर पूरे पानी को राजेंद्र नगर विधानसभा के लिए छोड़ दिया है, ताकि हर सूरत में चुनाव जीत सकें। सरकार ने मिलिट्री के लिए बने आवास और कार्यालय को सप्लाई किए जा रहे पानी कनेक्शन को भी काटने से परहेज नहीं किया। मतदाताओं को लुभाने के लिए मुख्यमंत्री कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें