दिल्ली का सदर बाजार रेलवे स्टेशन स्वच्छता रैंकिंग में सबसे निचले पायदान पर है। देशभर के 725 स्टेशनों में साफ-सफाई के हिसाब से रैंकिंग की गई तो इसे 610वां नंबर मिला। मंत्रालय की स्वच्छता रैंकिंग में आनंद विहार को छोड़ राजधानी के स्टेशन पहले 100 में भी जगह नहीं बना सके।
रेलवे नई दिल्ली स्टेशन को वीवीआईपी बताता है, लेकिन स्वच्छता रैंकिंग में यह 165वें नंबर पर आया। बदहाल रैंकिंग के बाद अमर उजाला ने पड़ताल कर इसकी वजह जानी तो नई दिल्ली स्टेशन पर गंदगी के अंबार दिखे।
नई दिल्ली स्टेशन में अजमेरी गेट की तरफ से प्रवेश करते ही कचरे का अंबार लगा हुआ मिला। यहां बारिश व सीवर के पानी का जमाव भी था, जिसमें मच्छर पनप रहे थे। प्रवेश द्वार से प्लेटफार्म पर आगे बढ़ते ही नाले का ढक्कन खुला मिला। डस्टबिन तो लगे हैं, लेकिन इनमें कचरा लबालब है।
यहां मच्छर भी यात्रियों को परेशान करते हैं। प्लेटफार्म नंबर 16 पर पीने के पानी की जगह पर पान की पीक से गंदगी फैली है। यहां पानी के सभी नलके टूटे थे। प्लेटफार्म नंबर 15 व 16 के ट्रैक पर न केवल सीवर दिख रहा था, बल्कि वहां कचरा भी दिखा। प्लेटफार्म नंबर 14 पर भी डस्टबिन में कचरा दिखा।
नई दिल्ली का प्लेटफार्म नंबर वन चकाचक दिखा। यहां न कचरा है, न ही डस्टबिन टूटी हैं। पान की पीक भी नहीं दिखी। हालांकि, पहाड़गंज की तरफ से प्रवेश करते ही शौचालय की बदबू इतनी होती है कि हर कोई परेशान दिखा।
एनसीआर के स्टेशन भी हैं फिसड्डी
दिल्ली-एनसीआर के रेलवे स्टेशनों की रैंकिंग 150 से 600 के बीच रही। थोड़ी राहत आनंद विहार रेलवे स्टेशन को लेकर है। यह टॉप-30 में जगह बनाने में कामयाब रहा। गाजियाबाद स्टेशन भी सफाई के मामले में बेहतर है। स्वच्छता के लिए दिल्ली में बड़े-बड़े अभियान चलते हैं।
केंद्रीय रेल मंत्री, रेलवे बोर्ड, उत्तर रेलवे मुख्यालय के तमाम अधिकारी इन अभियानों में भाग लेने के दावे भी करते हैं, लेकिन इसके बाद भी दिल्ली के स्टेशन स्वच्छता रैंकिंग में फिसड्डी साबित हुए हैं। क्वालिटी काउंसिल की स्वच्छता रिपोर्ट में रेलवे के 16 जोन में उत्तर रेलवे छठे स्थान पर रहा।
इस जोन के स्टेशन दो अंकों की रैंकिंग में भी जगह नहीं बना सके। आनंद विहार और गाजियाबाद को छोड़ अन्य सभी स्टेशनों की रैंकिंग 150 से ऊपर रही। हैरिटेज बिल्डिंग में शुमार पुरानी दिल्ली स्टेशन स्वच्छता रैंकिग में 390वें स्थान पर है। हरियाणा और उत्तर प्रदेश के एनसीआर में शामिल हिस्से की स्थिति भी दयनीय है। इनमें सोनीपत, फरीदाबाद समेत कई स्टेशन शामिल हैं।
स्टेशनों की स्वच्छता रैंकिंग
आनंद विहार 29
गाजियाबाद 85
नई दिल्ली 165
निजामुद्दीन 241
शाहदरा 378
दिल्ली कैंट 389
पुरानी दिल्ली 390
सराय रोहिल्ला 474
शकूरबस्ती 583
दिल्ली सदर बाजार 610
फरीदाबाद 556
सोनीपत 553
कुरुक्षेत्र 197
पानीपत 377