आजमगढ़, चित्रकूट, सोनभद्र, श्रावस्ती और अलीगढ़ में एयरपोर्ट संचालन के लिए प्रदेश के नागरिक उड्डयन विभाग व भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण के बीच हुए एमओयू के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि एयरपोर्ट ऐसे क्षेत्रों में स्थापित हो रहे हैं, जो विकास की दौड़ में कतिपय कारणों से पीछे छूट गए थे।
लोकभवन में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि पांच वर्ष पहले आजमगढ़ के नाम से लोग डरते थे। कोई वहां एयरपोर्ट और एक्सप्रेसवे बनाने की बात सोच नहीं सकता था। बीते पांच वर्ष में उनकी सरकार ने पूर्वांचल एक्सप्रेसवे को आजमगढ़ के बीच से निकाला है। अब एयरपोर्ट भी बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि श्रावस्ती, सोनभद्र और चित्रकूट तो आकांक्षात्मक जिले हैं। एयर कनेक्टिविटी होने से इन क्षेत्रों के विकास को नये पंख लगेंगे।
उन्होंने कहा कि हार्डवेयर के केंद्र अलीगढ़ में डिफेंस कॉरिडोर का एक नोड भी स्थापित हो रहा है। जल्द ही अलीगढ़ में भी बेहतर एयर कनेक्टिविटी सुविधा होगी। चित्रकूट में पहाड़ी पर बहुत सुंदर एयरपोर्ट बन रहा है। सोनभद्र कभी नक्सल गतिविधियों के लिए कुख्यात रहा है। अब माइनिंग के लिहाज से बहुत समृद्ध है। यहां वायु सेवा आवश्यक थी, जिसे प्रदेश सरकार पूरा कर रही है।