राजधानी की सड़कों पर ट्रैफिक के बीच बाइक सवारों के जानलेवा स्टंट लगातार सामने आ रहे हैं। गत सप्ताह पूर्वी दिल्ली के बाद अब दिल्ली कैँट में बाइक पर खतरनाक स्टंट करते हुए एक सिख युवक का वीडियो वायरल हो गया।
युवक बाइक की सीट पर खड़ा होकर स्टंट कर रहा है। इस बीच उसके बराबर में ट्रैफिक भी चल रहा है। विभिन्न व्हाट्सएप और दूसरे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वीडिया वायरल हुआ तो पुलिस के कान खड़े हुए।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं। युवक कौन है और उसने वीडियो कब बनाया। इसके आधार पर मामले की पड़ताल की जा रही है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों का कहना है कि युवक की पहचान करने के बाद उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस के मुताबिक वीडियो दिल्ली कैंट मेट्रो स्टेशन के नीचे का है। यहां नीले रंग की स्पोर्ट्स बाइक पर लाल रंग की पगड़ी बांधे हुए एक सिख युवक सड़क के बीचों-बीच स्टंट कर रहा है। बाइक पर पीछे की ओर नंबर प्लेट भी नहीं लगी हुई है। युवक ने अपनी कमर पर एक लाल रंग का पिट्ठू बैग भी लटकाया हुआ है।
वीडियो में वायस ओवर करते हुए एक गाने की धुन के बीच बोल रहा युवक वीडियो को लाइक और शेयर करने के लिए कह रहा है। युवक ने मुंह पर रूमाल बांधा हुआ है। विभिन्न सोशल मीडिया ग्रुप पर वीडियो वायरल हुआ तो पुलिस ने मामले पर संज्ञान लेते हुए बाइक सवार का पता लगाकर उसके खिलाफ कार्रवाई की बात की।
पिछले कुछ दिनों से राजधानी में बाइकर्स के स्टंट की घटनाएं बढ़ी हैं। पिछले रविवार को पूर्वी दिल्ली के विकास मार्ग पर पंद्रह-बीस बाइक सवार स्टंट कर रहे थे। शकरपुर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर पांच बाइकर्स को गिरफ्तार किया था।