सैनी गांव में 19 वर्ष पहले खोया बेटा मिलने पर परिजनों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। शुरू में तो परिवार उसे पहचान भी नहीं सका, लेकिन जब उसने पुरानी बातें बताई तो घर वालों ने उसे गले लगा लिया।
19 साल पहले पिता की डांट से नाराज होकर वह घर से भाग गया था। सैनी गांव निवासी फिरे सिंह के तीन बेटे व दो बेटियां हैं। इनमें अजब सिंह सबसे बड़ा बेटा है।
बचपन में पिता द्वारा किसी बात पर डांटने से नाराज होकर वह घर छोड़ गया। इस दौरान परिजनों ने उसको ढूंढने की बहुत कोशिश की वह नहीं मिला। घर छोड़ने के बाद वह ढाबों व होटलों में काम करता रहा।
बाद में पंजाब की एक ट्रांसपोर्ट कंपनी में ट्रक ड्राइवर हो गया। बुधवार सुबह अचानक जब वह घर पहुंचा तो उसका नाम सुनकर घर वाले पहले तो सकते में ही रह गए।
बाद में उसके पहचान बताने पर उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। जानकारी पर उसके पड़ोसी और रिश्तेदार भी आ गए। 19 साल बाद बेटा मिलने की खुशी देखकर रिश्तेदारों की भी आंखें नम हो गईं।