उत्तरी जिले के पुलिस उपायुक्त सागर सिंह कलसी ने बताया कि गुरुवार देर रात को सदर बाजार की बस्ती रघुनाथ से एक युवक को चाकू मारने की सूचना मिली थी। खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। तब तक जख्मी हालत में कुणाल को लेडी हार्डिंग अस्पताल ले जाया जा चुका था। वहां पहुंचने पर पता चला कि कुणाल की मौत हो चुकी थी।
घटना स्थल पर पुलिस को रीना (बदला हुआ नाम) नामक महिला मिली। उसने बताया कि कुणाल उसका लिव-इन पार्टनर था। उसकी हत्या उसके ही पति रॉबिन ने की है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। हत्या का मामला दर्ज कर थाना प्रभारी कन्हैया लाल यादव व अन्य टीमों ने छानबीन शुरू की। पुलिस ने सीसीटीवी के अलावा टेक्निकल सर्विलांस की मदद ली। आरोपी का मोबाइल लगातार बंद आ रहा था। शुक्रवार शाम खबर मिली की आरोपी तीस हजारी इलाके में मौजूद है। उसकी लोकेशन का पता कर आरोपी को वहां से दबोच लिया गया।
आरोपी ने कबूल किया जुर्म
पूछताछ के दौरान रॉबिन ने कुणाल की हत्या की बात कबूल कर ली। उसके पास अंडरगारमेंट से वारदात में इस्तेमाल चाकू भी बरामद हो गया है। रॉबिन ने बताया कि कुणाल उसका घनिष्ठ दोस्त था। लेकिन जेल जाने पर उसने मौके का फायदा उठाकर उसकी पत्नी से नजदीकियां बढ़ा ली। इसके बाद दोनों ने साथ रहना भी शुरू कर दिया।
जेल से छूटने के बाद दोस्त की करतूत का पता चला
आरोपी ने बताया कि वह जब जेल से बाहर आया तो उसे इसका पता चला। तभी से उसने कुणाल को सबक सिखाने की ठानी हुई थी। घटना वाले दिन वह अपनी भाभी के साथ लौट रहा था। इस दौरान उसने रीना और कुणाल को एक साथ देख लिया। यह देखकर उसे बहुत गुस्स आया और उसने उसकी हत्या कर दी। पुलिस उससे पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।