देश की राजधानी दिल्ली में चुनाव भले ही विधान सभा के हैं लेकिन इसे देश भर में बेहद गंभीरता से लिया जाता है। इस चुनाव में भी प्रधानमंत्री का जादू चलेगा या नहीं इस बात को लेकर सभी कयास लगा रहे हैं। ऐसे में एबीपी न्यूज और नेल्सन सर्वे ने खुलासा किया है कि दिल्ली में भी मोदी का जादू चलना तय है।
इस सर्वे में यह बात सामने आई है कि 70 सदस्यीय दिल्ली विधान सभा में बीजेपी को 46 सीटें मिलेंगी जबकि पिछले चुनाव में बीजेपी से महज चार सीटें कम पाने वाली आम आदमी पार्टी को इस चुनाव में बड़ा नुकसान होने वाला है।
एबीपी सर्वे में जहां बीजेपी को 46 सीटें मिल रही हैं वहीं आम आदमी पार्टी जिसे पिछले चुनाव में 28 सीटें मिली थीं। उसे नेल्सन सर्वे के मुताबिक केवल 18 सीटें ही मिल रहीं हैं।
इस सर्वें में सबसे निराश करने वाला नतीजा कांग्रेस के लिए है। सर्वे के मुताबिक दिल्ली विधान सभा चुनाव में इस बार कांग्रेस को केवल पांच सीटों से ही संतोष्ा करना पड़ सकता है।
हालांकि वोट प्रतिशत में भी इस रूझान को साफ देखा जा सकता है। सर्वे के मुताबिक जहां भापजा को 38% वोट मिल रहे हैं वहीं आम आदमी पार्टी को 26% और कांग्रेस को इस बार 22% वोट शेयर मिल रहे हैं।