गुड़गांव फार्म हाउस में रविवार रात पार्टी कर लौट रही नशे में धुत दो महिलाओं ने गुड़गांव-फरीदाबाद रोड पर जमकर हंगामा किया। एक महिला ने पहले एक्सीडेंट कर दिया। इसके बाद जब पुलिस उसे लेकर थाने पहुंची तो दूसरी महिला भी पहुंच गई।
दोनों ने मिलकर पुलिसकर्मियों समेत थाना प्रभारी के साथ बदसलूकी करते हुए उनसे गाली गलौच की। एक घंटे तक चले हाई प्रोफाइल ड्रामे के बाद डीएलएफ फेज एक थाना पुलिस ने दोनों महिलाओं के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
दोनों महिलाएं दिल्ली की रहने वाली हैं। सोमवार को पुलिस ने उन्हें कोर्ट में पेश किया, जहां से जेल भेज दिया गया। पुलिस के मुताबिक, दिल्ली मदनगीर निवासी महिला शिक्षक दीपा शर्मा (42) और इंटीरियर डिजाइनर का काम करने वाली अलका नरूला (52) अपने साथियों के साथ गुड़गांव स्थित एक फार्म हाउस में साल गिरह की पार्टी कर दिल्ली लौट रही थी।
सभी नशे में पूरी तरह धुत थे
सभी नशे में पूरी तरह धुत थे। रात 11 बजे गुड़गांव-फरीदाबाद रोड ग्वाल पहाड़ी के पास दीपा ने स्विफ्ट गाड़ी से एक पजेरो में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वह पलट गई। हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस महिला टीचर को डीएलएफ फेज एक थाना लेकर पहुंची।
महिला ने पुलिस को बयान देने के बजाय अपनी दोस्त अलका को बुला लिया। आरोप है कि इसके बाद दोनों महिलाओं ने थाने में खूब हंगामा किया और महिला पुलिसकर्मियों सहित थाना प्रभारी को गालियां दीं।
एक घंटे तक चले हाई प्रोफाइल ड्रामे के बाद पुलिस के आला अधिकारियों के आदेश पर दोनों महिलाओं के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
डीएलएफ फेज एक थाना प्रभारी इंस्पेक्टर गुलाम मोहम्मद के मुताबिक, महिलाओं की सारी करतूत की वीडियो बनाई गई है, जिसे कोर्ट के सामने पेश किया गया। सोमवार को दोनों महिलाओं को कोर्ट ने न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।
वीडियो बना मददगार
डीएलएफ फेज एक थाने में नशे में धुत महिलाओं के हाईप्रोफाइल ड्रामे की वीडियोग्राफी पुलिस के लिए मददगार साबित हुई। थाना प्रभारी समेत पुलिसकर्मियों के साथ बदसलूकी को लेकर पुलिसकर्मियों ने महिलाओं की वीडियो बना ली।
इसी के आधार पर पुलिस ने महिलाओं के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। सोमवार को कोर्ट में भी पुलिस ने वीडियो पेश की, जिसके आधार पर कोर्ट ने उन्हें जेल भेज दिया। सब इंस्पेक्टर बलवान सिंह के अनुसार पूरे मामले की वीडियो तैयार कर आला अधिकारियों को भेजी जा चुकी है।