प्रदेश में उपभोक्ताओं को सस्ती बिजली मुहैया कराने के लिए आम आदमी पार्टी ने आंदोलन की रूपरेखा तैयार की है। दिल्ली की तर्ज पर हरियाणा में बिजली की दरें तय करने के लिए प्रदेशभर के पार्टी कार्यकर्ता 16 जुलाई को भिवानी में प्रदर्शन करेंगे। पार्टी की ओर से सभी विधानसभा क्षेत्र के अध्यक्षों को आंदोलन की तैयारी में जुटने के निर्देश मिले हैं।
पार्टी पदाधिकारियों के मुताबिक, दिल्ली में केजरीवाल सरकार के गठन के बाद बिजली की दरों में काफी कमी आई है। दिल्ली में 200 यूनिट तक खपत करने वाले उपभोक्ताओं को 2 रुपये प्रति यूनिट की दर से बिजली आपूर्ति की जा रही है।
वहीं, हरियाणा में एक सामान्य श्रेणी के उपभोक्ता को भी 8 रुपये प्रति यूनिट बिजली मिल रही है। प्रदेश में बिजली के रेट पूरे उत्तर भारत में सबसे ज्यादा है। पार्टी के लोकसभा क्षेत्र के अध्यक्ष रणबीर चंदीला ने बताया कि बिजली निगमों में फैले भ्रष्टाचार पर रोक लगाने के बजाय सरकार रेट बढ़ाकर उपभोक्ताओं पर आर्थिक बोझ डाल रही है।