दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि- पिछले दिनों इन्होंने हमारे दिल्ली के सात विधायकों को संपर्क कर कहा है कि कुछ दिन बाद केजरीवाल को गिरफ्तार कर लेंगे।
उसके बाद विधायकों को तोड़ेंगे। 21 विधायकों से बात हो गई है। औरों से भी बात कर रहे हैं। उसके बाद दिल्ली में आम आदमी पार्टी की सरकार गिरा देंगे। आप भी आ जाओ। 25 करोड़ रुपये देंगे और बीजेपी की टिकट से चुनाव लड़वा देंगे।
हालांकि उनका दावा है कि उन्होंने 21 विधायकों से संपर्क किया है लेकिन हमारी जानकारी के मुताबिक उन्होंने अभी तक सात विधायकों से ही संपर्क किया है और सबने मना कर दिया। इसका मतलब किसी शराब घोटाले की जांच के लिए मुझे गिरफ्तार नहीं किया जा रहा, बल्कि दिल्ली में आम आदमी पार्टी की सरकार गिराने के लिए षड्यंत्र कर रहे हैं।
पिछले नौ वर्षों में हमारी सरकार गिराने के लिए इन्होंने कई षड्यंत्र किए। लेकिन इन्हें कोई सफलता नहीं मिली। भगवान ने और जनता ने हमेशा हमारा साथ दिया। हमारे सभी MLA भी मज़बूती से साथ हैं। इस बार भी ये लोग अपने नापाक इरादों में फेल होंगे।
दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल और मंत्री आतिशी के बयान पर भाजपा नेता कपिल मिश्रा का कहना है कि अरविंद केजरीवाल एक बार फिर झूठ बोल रहे हैं, जैसा कि वह पिछले सात बार से कर रहे हैं। एक बार भी नहीं बता पाए कि उनसे संपर्क करने के लिए किस फोन नंबर का इस्तेमाल किया गया था। उनसे किसने संपर्क किया और बैठक कहां हुई। वह सिर्फ बयान देते हैं और छिप जाते हैं। उनके साथी जेल में हैं, और वह बार-बार ईडी के समन से बच रहे हैं क्योंकि उन्हें पता है कि उनके पास ईडी के सवालों के जवाब नहीं हैं।