आम आदमी पार्टी (आप) ने दिल्ली चुनाव के लिए अपने थीम सांग लगे रहो केजरीवाल के ऑडियो-वीडियो वर्जन की शनिवार को लांचिग की। संगीतकार विशाल ददलानी की धुनों पर तैयार इस गीत को जारी करते वक्त पार्टी कार्यकर्ता व वरिष्ठ नेता झूमते नजर आए। इसे अपना आधिकारिक गीत बताते हुए पार्टी का दावा है कि 2015 विधान सभा चुनाव की तरह इस बार का थीम सांग भी दिल्लीवालों की जुबान पर चढ़कर बोलेगा।
मनीष सिसादिया ने कहा कि लगे रहो केजरीवाल डॉट कॉम वेबसाइट पर इस गाने का आडियो व वीडियो वर्जन अपलोड है। इस वेबसाइट को भी शनिवार लांच किया है। आप कार्यकर्ताओं समेत दिल्ली के लोग इसे वहां से डाउनलोड कर सकते हैं। मनीष सिसोदिया ने बताया कि पिछले चुनाव में भी पांच साल केजरीवाल गाना लांच किया था। वह गाना भी काफी हिट हुआ था।
उन्होंने उम्मीद जताई कि इस साल का थीम सांग भी लोगों की जुबान पर चढ़कर बोलेगा। मनीष सिसोदिया ने बताया कि इस गाने के प्रदर्शन के लिए पार्टी ने 20 टीमें तैयार की हैं। जबकि अभी सैकड़ों टीमें और बनाई जानी है। यह सड़कों, नुक्कड़ बाजार और सभाओं में इस गाने पर प्रदर्शन करेंगे।