आम आदमी पार्टी ने शुक्रवार को दिल्ली पुलिस पर हमला बोला। पार्टी नेताओं ने कहा कि केंद्र सरकार के इशारे पर दिल्ली पुलिस प्रताड़ित कर रही है।
आप विधायकों तक के खिलाफ दर्ज मामलों में पुलिस कोई प्रमाण अदालत में पेश नहीं कर पाती है। दिल्ली प्रदेश संयोजक दिलीप पांडेय ने पार्टी कार्यालय में पत्रकारों को बताया कि दिल्ली में आप की सरकार बनने के बाद से केंद्र सरकार दिल्ली पुलिस का दुरुपयोग कर रही है।
दिल्ली की हार से कुंठित भाजपा व उसकी केंद्र सरकार दिल्ली पुलिस के माध्यम से आप नेताओं, कार्यकर्ताओं व विधायकों को प्रताड़ित कर रही है।
फर्जी केस बनाए जाते हैं
फर्जी केस बनाए जाते हैं, लेकिन पुलिस कोर्ट में कोई प्रमाण नहीं कर पाती। दिल्ली पुलिस को हाईकोर्ट ने आठ इसी तरह के प्रमुख मामलों में फटकार भी लगाई है।
वहीं, प्रदेश संयोजक सौरभ भारद्वाज का आरोप है कि पुलिस की ताकत का गलत इस्तेमाल आप नेताओं के खिलाफ झूठा मामला बनाने में हो रहा है।
इसके लिए कोर्ट कई मामलों में कह चुका है कि दिल्ली पुलिस एक तरफा कार्रवाई कर रही है। सुभाष तोमर नाम के पुलिसकर्मी की मौत का आरोप आप कार्यकर्ताओं पर लगाया था।
नहीं मिला किसी के खिलाफ भी कोई सुबूत
लेकिन पुलिस अदालत में कोई प्रमाण पेश नहीं कर सकी। इसी तरह के आठ अन्य मामलों में भी है। ताजा मामलों में आप विधायक मनोज कुमार के मामले में हाईकोर्ट ने आईओ पर कड़ी टिप्पणी की।
विधायक अखिलेशपति त्रिपाठी के खिलाफ पुलिस कोई भी पुख्ता सबूत नहीं रख सकी। कमांडो सुरेंद्र सिंह पर भी फर्जी केस दर्ज करने की कोशिश हुई।
आप नेताओं का कहना है कि दिल्ली पुलिस को इस तरह की अपनी हरकतों से बाज आना चाहिए। उन्हें सुरक्षित दिल्ली के लिए काम करना चाहिए।