गुड़गांव के सुल्तानपुर गांव के नजदीक देशी शराब के ठेके का मामला गरम होने लगा है। स्थानीय लोगों की इस लड़ाई में अब आम आदमी पार्टी भी कूद गई है।
शुक्रवार को सिविल लाइन में पार्टी के वरिष्ठ नेता योगेन्द्र यादव ने इसे लेकर पत्रकार वार्ता का आयोजन किया। उन्होंने कहा कि गांव के लोगों की समस्या बड़ी है। गांव के किशोर भी शराब के आदी बनते जा रहे हैं। इसकी गंभीरता को देखते हुए पार्टी गांव वालों का साथ दे रही है।
पढ़ें- हरियाणा चुनाव: उम्मीदवारों के लिए मुसीबत बनेगी AAP!
योगेन्द्र यादव के साथ सुल्तानपुर गांव की महिला और पुरूष बड़ी संख्या में मौजूद रहे। सभी का कहना है कि गांव के 80 मीटर की दूरी पर देशी शराब का ठेका है। इस कारण गांव में काफी अशांति है। गांव के 10 से 12 वर्ष तक के बच्चे भी शराब के आदी होने लगे हैं। ठेके के पास एक प्राचीन मंदिर भी है।
ठेके के खिलाफ 19 अगस्त को गांव के 284 लोगों ने हस्ताक्षर भी किया। गांव वालों की शिकायत है कि एक्साइज विभाग से इसकी शिकायत की गई। मगर कोई फायदा नहीं हुआ। योगेन्द्र यादव ने कहा कि प्रशासन पूरी तरह से ठेके के संरक्षण में खड़ा दिखाई दे रहा है।
पढ़ें- AAP और कांग्रेस पस्त, भाजपा हुई मस्त!
सुल्तानपुर गांव की मीना का कहना है कि शराब के ठेके के कारण गांव में बाहरी लोगों की आवाजाही रहती है। गांव में चोरी, छेड़छाड़ और कानून व्यवस्था के खबरा होने से सभी परेशान हैं।
कमलेश ने बताया कि अब तो आलम यह है कि दिन में भी लड़कियों और महिलाओं का घर से बाहर निकलना काफी मुश्किल हो गया है। योगेन्द्र यादव से इसकी शिकायत आने वालों में मंजू, विमला, कान सिंह,शशी बाला, अंजू, देवपाल, जय दयाल, राकेश, तेजराम, कृष्ण, मनोज चौहान और राकेश शर्मा मौजूद रहे।