पुलिस के मुताबिक 19 वर्षीय युवती परिवार के साथ वेलकम की जनता कॉलोनी में रहती है। इसके परिवार में माता-पिता व अन्य सदस्य हैं। आरोपी युवती के पड़ोस में ही रहता है। दोनों का एक दूसरे के घर आना-जाना है। युवती बुधवार की शाम के समय आरोपी के घर आई हुई थी। युवक ने उससे बातचीत शुरू कर दी। इस दौरान युवती ने दोस्ती करने के प्रस्ताव पर पलटकर बोल दिया कि वह एक शर्त पर उससे दोस्ती करेगी। यदि वह उससे शादी करेगा तो ही दोस्ती करेगी।
इस बात पर दोनों के बीच बहस होने लगी। युवती घर से निकलकर जाने लगी तो आरोपी अंदर से धारदार हथियार ले आया। उसने युवती पर हमला कर दिया। जिसमें आरोपी ने उसके चेहरे पर कई जगह चाकू मारा। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया। परिजन जख्मी हालत में उसे जीटीबी अस्पताल ले गए, जहां उसकी इमरजेंसी में सर्जरी की गई। पुलिस मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश कर रही है।