छावला की घटना, पड़ोस में रहने वाले युवक ने आठ लाख नकद और 20 तौला सोना ठगा
दुबई से सस्ते दाम में सोना लाकर उसे महंगे दाम पर बेचने का दिया झांसा
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। छावला इलाके में एक महिला से लाखों रुपये के गहने और नकदी ठगने का मामला सामने आया है। आरोपी ने महिला को दुबई से सस्ते में सोना लाकर उसे दोगुने दाम पर बेचने की बात कहकर झासे में लेकर ठगी को अंजाम दिया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने ठगी का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक सीमा गुप्ता सपरिवार झटीकरा गांव में रहती है। 30 अगस्त को सीमा ने छावला थाने में ठगी की शिकायत की। सीमा ने बताया कि उनके पड़ोस में एक महिला रहती थी। जो उनके बच्चों को ट्यूशन पढ़ाती थी। उसका एक बेटा विकास है जो उन्हें भाभी कहता था। उसने उसे कई बार बताया कि वह दुबई से सस्ते में सोना लाकर उसे दोगुने दाम पर बेचता है। वह पीड़िता को लगातार पैसे और गहने देने के लिए कहता रहता था। साथ ही बताता था कि उन्हें भी पैसे और गहने दोगुना कर देंगे।
पीड़ित आरोपी की बातों में आ गई और उसे आठ लाख रुपये और 20 तोला सोना दे दिया। कुछ माह बाद पीड़िता उससे अपने पैसे और गहने देने के लिए कहा। पीड़िता का आरोप है कि काफी दिनों तक वह उसे नकदी और गहने को दोगुना कर देने की बात कहता रहा। काफी दिनों तक जब उसने पैसे और गहने नहीं लौटाए तो पीड़िता को ठगी का अहसास हुआ। तब उन्होंने 30 अगस्त को छावला थाने में विकास के खिलाफ शिकायत दी। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत और मौजूद साक्ष्यों के आधार पर उसके खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।