-मंगोलपुरी के थाना रोड टी-पॉइंट पर हुआ हादसा
-घायल की हालत स्थिर, पुलिस मामले की छानबीन में जुटी
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली।
बाहरी जिला के मंगोलपुरी इलाके में शनिवार सुबह एक कार और बाइक की टक्कर हो गई। हादसे के बाद बाइक सवार मोहित ने कार चला रहे यस बैंक के मैनेजर सुमित पर की-रिंग से हमला कर उन्हें बुरी तरह से घायल कर दिया। जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने घायल सुमित को पास के संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस पीड़ित और आरोपी का बयान लेकर मामले की छानबीन कर रही है।
जानकारी के मुताबिक 29 साल के सुमित अपने परिवार के साथ रोहिणी सेक्टर 20 इलाके में रहते हैं। वह पीतमपुरा स्थित यस बैंक में मैनेजर के पद में काम करते हैं। शनिवार सुबह सुमित अपनी महिंद्रा कार पर सवार होकर कार्यालय जा रहे थे। थाना रोड पर टी पॉइंट एन-एच ब्लॉक के पास उनकी कार की एक बाइक से टक्कर हो गई। घटना के बाद बाइक सवार मोहित और सुमित के बीच बहस शुरू हो गई। उसके बाद दोनों के बीच हाथापाई होने लगी। सुमित का आरोप है कि गुस्से में मोहित ने अपनी की-रिंग में लगी नुकीली वस्तु से उसपर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। जिससे वह घायल हो गया।
बाहरी जिला पुलिस उपायुक्त विक्रम सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल सुमित को तुरंत संजय गांधी अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में उनका इलाज किया गया। प्रारंभिक जांच में पता चला कि दोनों युवक निजी बैंक में कर्मचारी हैं। सड़क दुर्घटना के बाद हुए विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से बयान दर्ज करने की प्रक्रिया की जा रही। साथ ही पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की भी जांच कर रही है। ताकि घटना के पूरे क्रम की पुष्टि की जा सके।