पुलिस महिला के परिवार से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है। रचना के परिवार ने आरोप लगाया है कि शादी के बाद से ही उसे प्रताड़ित किया जा रहा था। परिवार ने महिला आयोग से भी मदद मांगी थी। इसके बाद महिला आयोग ने दिल्ली पुलिस को नोटिस जारी किया है।
पुलिस के मुताबिक रचना अपने परिवार के साथ त्रिलोकपुरी ब्लॉक-34 में रहती है। इसके परिवार में पति पुनीत के अलावा सास-ससुर, एक ननद और देवर है। रचना के पति का प्रॉपर्टी का कारोबार है। पुनीत और रचना की तीन साल पहले शादी हुई थी। दोनों का एक बच्चा भी है। शुक्रवार दोपहर के समय महिला अचानक पहली मंजिल से सिर के बल नीचे गिर गई।
जख्मी हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया। ससुराल वालों ने घोंडा स्थित रचना के मायके वालों को खबर दी। परिवार वहां पहुंचा तो पता चला कि वह गिरी नहीं बल्कि उसे नीचे फेंका गया है। रचना ने भी ऐसा ही बयान दिया है। उसके आधार पर पुलिस ने शनिवार दोपहर के समय हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। जिला पुलिस उपायुक्त प्रियंका कश्यप का कहना है कि जांच के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।