बिजली निगम स्टोर में लगी आग में करीब सौ ट्रांसफार्मर जलने से 44 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। यहां रखे गए ट्रांसफार्मर पहले से डैमेज थे, जिन्हें रिपेयर कराने के लिए रखा गया था।
बिजली निगम अधिकारियों का कहना है कि कुल 110 ट्रांसफार्मरों को नुकसान पहुंचा है। आग पर दमकल विभाग की तीन गाड़ियों से करीब तीन घंटे में ही काबू पाया गया था।
स्टोर के एसडीओ सुरेन्द्र सिंह ने बताया कि आग की घटना का सोमवार को आकलन किया गया। उन्होंने बताया कि आग की चपेट में 25 केवीए के 18, 63 केवीए के 37 व एक सौ केवीए के 55 ट्रांसफार्मर जले हैं। इसकी रिपोर्ट तैयार कर निगम के उच्चाधिकारियों को भेज दी गई है।
उधर, आग की लपटों से आसपास के मकानों को भारी नुकसान हुआ है। एक मकान मालिक प्रभाती ने बिजली निगम के अधिकारियों को शिकायत देते हुए मकान में हुए नुकसान का मुआवजा दिए जाने की मांग की है।
प्रभाती ने बताया कि आग से उसके मकान दरवाजे, खिड़कियां और छज्जे को नुकसान हुआ है। मालूम हो कि रविवार को सोहना स्थित बिजली निगम के स्टोर में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई थी।