सेक्टर-27 स्थित कैलाश अस्पताल के डॉक्टरों ने एक बच्चे की सवा फीट की रीढ़ की हड्डी से एक फीट का ट्यूमर निकाला है। वहीं, गिनीज बुक में इस तरह का ऑपरेशन दर्ज है या नहीं डॉक्टर इसकी प्रमाणिक जानकारी हासिल करने में जुटे हुए हैं।
अस्पताल के वरिष्ठ न्यूरोसर्जन डॉ. वरुण भार्गव और उनकी टीम ने यह ऑपरेशन किया है। डॉ. भार्गव ने बताया कि नोएडा निवासी दस साल के रमेश के पिता मजदूरी करते हैं। रमेश की पीठ पूरी तरह से झुक गई थी और उसके पैर भी काम नहीं कर रहे थे।
वह मलमूत्र त्याग देता था और उसे पता ही नहीं चलता था। उनके पिता एम्स समेत तमाम अस्पतालों से निराश हो चुके थे। करीब एक माह पहले माइक्रोस्कोप विधि से सर्जरी की गई, जिसमें स्पाइन की नसों में फंसे एक फीट के ट्यूमर को निकालने में सफलता मिल गई।
बच्चा अब ठीक है और सीधा होकर चल पाता है। हालांकि, उसकी हालत पर निगरानी के लिए उसे अभी अस्पताल में ही भर्ती रखा गया है। डॉ. भार्गव ने बताया कि इतना बड़ा ट्यूमर किसी और अस्पताल में निकाला गया है या नहीं, इसकी जानकारी प्राप्त की जा रही है।