सेक्टर 77 से 80 तक नेटवर्क विस्तार पर खर्च होंगे 19.30 करोड़ रुपये
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। न्यू गुरुग्राम में सीवर नेटवर्क मजबूत करने के लिए सेक्टर 77 से 80 तक 7.90 किलोमीटर लंबी मास्टर सीवर लाइन बिछाई जा रही है। गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) की इस परियोजना को 19.30 करोड़ रुपये खर्च करेगा।
योजना के तहत 600 से 1200 एमएम व्यास की सीवर लाइन बिछाने के साथ मैनहोल और अन्य जरूरी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। काम पूरा करने के लिए दो वर्ष का लक्ष्य रखा गया है। इसके बाद तीन वर्ष की डिफेक्ट लायबिलिटी अवधि रहेगी। जीएमडीए के अनुसार सेक्टर 1 से 57 तक सीवर नेटवर्क है। जबकि, सेक्टर 58 से 67 तक लाइन बिछाई जा चुकी है। सेक्टर 68 से 76 तक काम जारी है, जिसे जून 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य है। सेक्टर 81 से 103 तक सीवर नेटवर्क विकसित करने की जिम्मेदारी हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) की है। वहीं, सेक्टर 104 से 115 तक का नेटवर्क जीएमडीए विकसित कर रहा है, जिसे मार्च 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। नेटवर्क विस्तार के साथ जीएमडीए सीवेज ट्रीटमेंट प्लांटों (एसटीपी) की क्षमता बढ़ाने और नए संयंत्र विकसित करने पर भी काम कर रहा है। जीएमडीए के मुख्य अभियंता हेमंत कुमार ने कहा कि शहर में सीवर नेटवर्क को बेहतर किया जा रहा है।