दिल्ली में इस साल डेंगू के 68 मामले सामने आए हैं। इसमें से 32 मामले पिछले एक महीने में ही आए हैं। इसलिए अब लोगों को मच्छरों से अधिक सतर्क रहने की जरूरत है। हालांकि डेंगू से अभी तक किसी की मौत नहीं हुई है।
दक्षिणी दिल्ली नगर निगम द्वारा सोमवार को जारी रिपोर्ट के मुताबिक अगस्त में 15 दिन के भीतर ही डेंगू के 16 मामले सामने आए हैं। इस साल आए डेंगू के कुल मामलों की तुलना में करीब 50% मामले पिछले एक महीने में आए हैं। मौजूदा समय तक दिल्ली में डेंगू के जितने मामले आए हैं इससे पहले 2018 में 69 मामले आए थे। इसके बाद के सालों में डेंगू के मामले घटे थे। लेकिन इस साल डेंगू के मामले बढ़ने के आसार दिखाई दे रहे हैं।
इस साल उत्तरी दिल्ली नगर निगम क्षेत्र में 6, दक्षिणी दिल्ली नगर निगम क्षेत्र में 23 और पूर्वी दिल्ली नगर निगम क्षेत्र में 9 मामले सामने आए हैं। 26 मामले ऐसे मिले जिनका स्थायी ठिकाना नहीं है।