इस साल की पहली जनवरी को दिल्ली मेट्रो में रिकॉर्ड 67 लाख लोगों ने यात्रा की। यह पिछले छह वर्षों में नए साल के दिन यात्रियों की सबसे अधिक संख्या है। शनिवार को डीएमआरसी ने इस बाबत विस्तृत आंकड़े जारी किए। इस साल एक जनवरी को कई मेट्रो के बाहर लंबी कतारें लगी थी, जिसमें राजीव चौक, पटेल चौक और केंद्रीय सचिवालय सहित स्टेशन शामिल थे।
आंकड़ों के मुताबिक, एक जनवरी 2023 को 49.16 लाख लोगों ने मेट्रो में यात्रा की थी। जबकि वर्ष 2022 में 23.66 लाख, 2020 में 55.26 लाख और 2019 में 50.16 लाख यात्रियों ने सफर किया। छह वर्षों में सबसे कम 18.07 लाख यात्रियों ने पहली जनवरी 2021 को सफर किया था। तब कोविड-19 लॉकडाउन के बाद पहला नए साल का जश्न था।
इसी तरह पिछले साल 31 दिसंबर को 48.46 लाख लोगों ने मेट्रो का लाभ उठाया था। पिछले छह में से नए साल की पूर्व संध्या पर सवारियों की संख्या सबसे अधिक है। आंकड़ों में कहा गया है कि 31 दिसंबर, 2019 को 55.29 लाख दर्ज किया गया था। जबकि वर्ष 2022 में इसी दिन यात्रियों की संख्या 47.40 लाख थी जो वर्ष 2021 में 27.45 लाख, वर्ष 2018 में 50.67 लाख और वर्ष 2020 को सबसे कम 18.86 लाख सवारियां दर्ज की गईं।
हाल ही में डीएमआरसी ने अपनी टिकटिंग सेवा को वन दिल्ली के साथ एकीकृत किया है। डीएमआरसी के प्रधान कार्यकारी निदेशक अनुज दयाल ने कहा कि फिलहाल डीटीसी बसों के लिए क्यूआर टिकट बनाने के लिए वन दिल्ली का उपयोग किया जाता है। एप अब सुव्यवस्थित यात्रा के लिए एक व्यापक मंच के रूप में कार्य करता है।