कोरोना वार्ड में तैनात चिकित्सक
- फोटो : अमर उजाला
दिल्ली के लोकनायक अस्पताल में 20 स्वास्थ्य कर्मचारी कोरोना संक्रमण की चपेट में आए हैं। अस्पताल के निदेशक डॉ. सुरेश कुमार ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि उनके यहां अब तक 20 स्वास्थ्य कर्मचारी कोरोना संक्रमण की चपेट में आए हैं। इनमें 11 डॉक्टर और आठ नर्स शामिल हैं। जबकि एक अस्पताल का सफाई कर्मचारी भी संक्रमित हुआ है।
डॉ. सुरेश कुमार ने कहा, ‘यह है चिंता का विषय है क्योंकि अगर हमारे डॉक्टर और नर्स ही सुरक्षित हैं, तो हम मरीजों की देखभाल कर पाएंगे। अगर हमारा कार्यबल प्रभावित होता है, तो यह कोविड के खिलाफ हमारी लड़ाई को प्रभावित कर सकता है।’
उन्होंने बताया कि अस्पताल में करीब चार हजार स्वास्थ्य कर्मचारी हैं। लगभग सभी कर्मचारियों को वैक्सीन की दोनों खुराक लग चुकी हैं। हालांकि अब कई कर्मचारी संक्रमण की चपेट में आ रहे हैं। इसके चलते कोरोना की जांच कराने वाले स्वास्थ्य कर्मचारियों की संख्या भी काफी अधिक है।
डॉ. सुरेश कुमार ने बताया कि जिस तरह से मामले बढ़ रहे हैं ये एक चेतावनी है। पिछली बार से ज्यादा मामले सामने आए हैं और संक्रमण तेजी से फैल रहा है। दिल्ली में भी पिछले 3-4 दिन से मामले लगातार बढ़े हैं और ये संख्या पिछली बार से दोगुना भी हो सकती है। उन्होंने कहा कि अभी अस्पताल में 11 कोरोना मरीज हैं जिनमें से चार वेंटिलेटर पर हैं।
पूर्वी दिल्ली के पांच पार्षद भी हुए संक्रमित
पूर्वी दिल्ली नगर निगम के महापौर के बाद अब पांच पार्षद भी कोरोना संक्रमित हो गए है। इन पार्षदों में से एक-दो पार्षद के बुधवार को सदन की बैठक में भी शामिल होने की सूचना है। इस तरह अन्य पार्षदों के भी कोरोना की चपेट में आने में की आशंका है। सूत्रों के अनुसार महापौर के कारोना संक्रमित होने के बाद इन पार्षदों ने भी अपना टेस्ट कराया था। रिपोर्ट में ये पार्षद कोरोना संक्रमित पाए गए। इस तरह माना जा रहा है कि अन्य पार्षद भी संक्रमित हो सकते है, क्योंकि कुछ पार्षद उनके संपर्क में रहे है। इसके अलावा गत दिनों के दौरान इन पार्षदों से मिले आम लोगों एवं अधिकारियों के भी कोरोना संक्रमित होने की आशंका जताई जा रही है।