देश के पहले गृहमंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर दिल्ली पुलिस के 15 अफसरों को गृहमंत्री के स्पेशल ऑपरेशन मेडल से सम्मानित किया गया। वर्ष 2020 में गृहमंत्री के स्पेशल ऑपरेशन मेडल के लिए इस साल देशभर के 39 अफसरों के नामों का चयन हुआ है, जिनमें से 15 दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल के अफसर हैं।
1320 करोड़ रुपये की हेरोइन पकड़ने के मामले में सेल के 11 अफसरों को मेडल दिया गया। वहीं आईएसआईएस के तमिलनाडू मॉड्यूल का पर्दाफाश कर तीन आतंकियों को पकड़ने के लिए चार अफसरों को मेडल दिया गया।
वरिष्ठ अधिकारियों के मुताबिक ऑपरेशन पामीर के लिए 11 अफसरों को मेडल दिया गया। ऑपरेशन पामीर के दौरान स्पेशल सेल की टीम ने वाया अफगानिस्तान-ईरान और देश के विभिन्न बंदरगाहों से होते हुए सप्लाई की जाने वाली हेरोइन की बड़ी खेप को पकड़ा था।
पुलिस की टीम ने 330 किलोग्राम हेरोइन जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में 1320 करोड़ रुपये कीमत थी, उसे पकड़ा था। हेरोइन के साथ 9 लोगों को गिरफ्तार किया गया था। हेरोइन की इतनी बड़ी खेप इससे पहले कभी नहीं पकड़ी गई थी।
इसके लिए स्पेशल सेल के स्पेशल सीपी ( उस समय के संयुक्त आयुक्त) नीरज ठाकुर, डीसीपी मनीषी चंदा, एसीपी हृदयभूषण, इंस्पेक्टर विनोद कुमार, एसआई मनोज कुमार, सुंदर गौतम, यशपाल सिंह, अमित कुमार, अरविंद सिंह, शमशेर सिंह और एएसआई बृजपाल को मेडल दिया गया।
वहीं दिसंबर 2019 में आईएसआईएस के तमिलनाडू मॉड्यूल का पर्दाफाश करने पर एसीपी ललित मोहन नेगी, इंस्पेक्टर सुनील कुमार राजैन, रविंदर जोशी और एसआई पंकज सिंह चौहान को मेडल दिया गया।
इनकी टीम ने हिंदू मुन्नानी नेता केपी सुरेश कुमार की हत्या करने वाले आतंकियों को दबोचा था। आतंकियों के इस समूह ने आठ जनवरी 2020 को तमिलनाडू के स्पेशल सब इंस्पेक्टर की भी हत्या की थी।