हज यात्रा-2016 में जाने के लिए सुरक्षित सीट पर भी मारामारी है। जिनकी उम्र 70 साल से कम है या लगातार चार साल से कम आवेदन किया है तो दिल्ली से हज यात्रा का मौका नहीं मिलेगा।
दिल्ली को अतिरिक्त कोटा मिलाकर भी 1224 सीटें मिली हैं जबकि आवेदक 9195 हैं। हर सीट पर 8 दावेदार हैं। इतना ही नहीं तीन रिजर्व श्रेणी के आवेदकों में ही सीटें खत्म हो गई हैं। यहां तक की चौथी बार के आवेदकों के बीच लॉटरी करानी पड़ रही है।
हज कमेटी ऑफ इंडिया ने 70 साल से अधिक की उम्र और चौथी-पांचवीं बार आवेदन करने वालों को बिना लॉटरी के मौका देने का फैसला किया है। दिल्ली में 70 साल से अधिक उम्र के 269 आवेदक हैं और पांचवीं बार आवेदन करके 114 लोग किस्मत आजमा रहे हैं।
मनीष सिसोदिया निकालेंगे हजयात्रियों के लिए लॉटरी
मनीष सिसोदिया
- फोटो : ब्यूरो/अमर उजाला, नई दिल्ली
इन दोनों की सीटें पक्की हैं। तीसरी श्रेणी लगातार चार बार से आवेदन करने वालों की है जिनकी संख्या 1466 है। सीट 841 बच रही हैं। यही वजह है कि इस श्रेणी में सोमवार को उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया की मौजूदगी में लॉटरी निकाली जाएगी। बाकी 625 को इस साल भी मौका नहीं मिलेगा।
हज यात्रा-2016 के लिए सबसे ज्यादा मारामारी मध्य प्रदेश, गुजरात, केरल, महाराष्ट्र में है। मध्य प्रदेश में हर सीट पर आठ दावेदार हैं तो केरल में 66 हजार आवेदन कोटे से अधिक हैं।
गुजरात में मुस्लिम आबादी और पांचवीं बार के आवेदकों की संख्या को देखते हुए 3728 अतिरिक्त सीट का दूसरे राज्यों का बचा हुआ कोटा दिया गया फिर भी 45 हजार आवेदकों को मौका नहीं मिलेगा। वहीं दूसरी तरफ असम, बिहार, त्रिपुरा और पश्चिम बंगाल में कोटे से कम आवेदक हज यात्रा पर जाने को सामने आए हैं।
हज-2016 की फैक्ट फाइल
.असम, बिहार, त्रिपुरा और पश्चिम बंगाल में कोटे से कम आवेदन
.मध्य प्रदेश, गुजरात, केरल, महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा मारामारी
.चंडीगढ़ के सभी 73 और हिमाचल प्रदेश के सभी 93 आवेदकों को हज करने का मौका मिलेगा।
.हरियाणा में हर सीट के चार दावेदार, पंजाब में 391 में से 303 हज पर जा सकेंगे
.यूपी में हर सीट पर दो दावेदार को उत्तराखंड के हज कोटा में हर सीट पर 6 आवेदक