जी टीवी के शो ‘सिने स्टार की खोज’ में इन दिनों दून के तीन सितारे खूब दमक रहे हैं।
टॉप-12 में आने के लिए जीतोड़ मेहनत
दून के बाद दिल्ली और मुंबई का मेगा ऑडिशन पार करने के बाद वह टॉप-75 में जगह बना चुके हैं। अब टॉप-12 में आने के लिए जीतोड़ मेहनत जारी है।
व्यस्तता और चैनल के साथ बंधे होने के कारण वे फिलहाल मीडिया से दूरी बनाए हैं। शो के विजेता को प्राइज मनी के साथ बॉलीवुड की फिल्म में काम मिलेगा। टॉप-12 में आने के बाद वे वोट अपील के लिए दून लौटेंगे।
इंदिरा नगर निवासी अमन जोशी ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी से बीएससी आईटी कर रहे हैं। पिता अजय जोशी सॉइल कंजरवेशन ऑफिस में टेक्निकल ऑफिसर हैं।
शौक और मेहनत से हुए सेलेक्ट
अजय ने बताया कि बेटे को एक्टिंग और डांस का बेहद शौक है। अपने शौक और मेहनत से वह सेलेक्ट हुआ है।
मिस उत्तराखंड में (वर्ष 2012) भाग ले चुकी शीतल चौहान की मां कांता और भाई नितिन चौहान बेहद खुश हैं। नितिन ने बताया कि स्व. पिता की पेंशन से ही घर चलता है।
दोनों भाई-बहन पढ़ाई कर रहे हैं। लेकिन शीतल ने एक्टिंग और डांस को चुना है, जिसमें वह आगे भी बढ़ रही है।
मिस उत्तराखंड (वर्ष 2013) में फर्स्ट रनरअप रह चुकीं मोहकमपुर की सोनम बिष्ट ने भी अपनी पसंद को प्राथमिकता दी। उन्हें शो के दौरान जजेस से भी अच्छे कमेंट्स मिले हैं।
उत्तराखंड से लगाव पर सोनाली ने ली चुटकी
दून के इन चेहरों को देख जजेस में शामिल एक्टर आयुष्मान खुराना भी बोल पड़े कि मैंने भी अभी ‘दम लगाके हईशा’ की शूटिंग उत्तराखंड में की है।
जब उन्होंने शीतल को ओके किया तो जज सोनाली बेंद्रे ने भी आयुष्मान के उत्तराखंड प्रेम पर चुटकी ली। कहा, शीतल की जगह कोई और होती तो? यह सुन आयुष्मान मुस्कुरा उठे।
(नोटः इस खबर से संबंधित किसी भी सुझाव या सवाल के लिए मेल आईडी-nailinig@ddn.amarujala.com और इस नंबर- 9897830519 पर संपर्क कर सकते हैं।)