माना जा रहा है कि आरोपी पुलिस का छापा मरवाकर फैक्ट्री मालिकों से रकम वसूलने की फिराक में थे। आरोपी कभी खुद को गृह मंत्रालय से जुड़े संगठन के अधिकारी तो कभी राष्ट्रीय संस्था के कार्यकर्ता बता रहे थे।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, गंगनहर कोतवाली में बृहस्पतिवार सुबह दो युवक पहुंचे। उन्होंने कोतवाली प्रभारी राजेश शाह से कहा कि वे एसीबी से हैं। पता चला है कि रुड़की के आसपास फैक्ट्रियों में फर्जी काम चल रहा है और फैक्ट्रियों में छापेमारी करनी है।
इसके लिए पुलिस फोर्स चाहिए। कोतवाल ने दोनों को बैठने के लिए कहा। कुछ देर बाद दोनों फिर कोतवाल के चैंबर में गए। इस पर कोतवाल ने कहा कि फोर्स की कमी है तो दोनों रौब गालिब करने लगे।
शक होने पर कोतवाल ने आई कार्ड मांगा तो दोनों आनाकानी करने लगे। कोतवाल ने किसी तरह उनसे आई कार्ड ले लिया। इसके बाद जब आई कार्ड के विषय में पूछताछ की गई तो वे सही जवाब नहीं दे सके।
पुलिस ने दोनों की तलाशी ली तो एक 46 लाख चेक बरामद हुआ। सख्ती से पूछताछ में दोनों बताया कि वे पैसे के लिए एंटी करप्शन ब्यूरो का सहारा लेते हैं। कोतवाल की तहरीर पर दोनों के खिलाफ सरकारी काम में बाधा डालने और धोखाधड़ी का केस दर्ज कर लिया गया।
कोतवाल राजेश शाह ने बताया आरोपियों की पहचान ईश्वर चंद शर्मा पुत्र वेदपाल निवासी मुजफ्फरनगर हाल निवासी कृष्णानगर रुड़की और ईश्वर दयाल पुत्र अतर सिंह निवासी सुनहरा रोड मकतूलपुरी के रूप में हुई है। केस दर्ज करने के बाद दोनों का चालान कर दिया गया।