आंदोलनकारियों को चिह्नित करने व उन्हें राज्य सरकार की ओर से सुविधाएं मुहैया कराए जाने की मांग को लेकर अखिल भारतीय जनवादी महिला समिति से जुड़ी महिलाओं ने कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। प्रदर्शन कर रही महिलाओं ने सरकार, शासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और डीएम के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा।
धरना प्रदर्शन कर रही महिलाओं ने मांग उठाई कि राज्य आंदोलनकारियों को चिह्नित करने के साथ ही उन्हें राज्य सरकार की ओर से सुविधाएं मुहैया करानी चाहिए। पूर्व की भांति एलआईयू की ओर से आंदोलनकारियों के चिह्नीकरण के लिए खुली जांच करवाई जाए। चिह्नीकरण के लिए वरिष्ठ आंदोलनकारियों व संगठनों के पूर्व पदाधिकारियों तथा कमेटी के सदस्यों के दिए गए शपथपत्र को आधार माना जाए। पुराने अखबारों की कतरनों ,पत्रिकाओं को भी चिह्नीकरण का आधार माना जाए। वरिष्ठ आंदोलनकारियों का पैनल बनाकर चिह्नीकरण में सहायता ली जाए। धरना प्रदर्शन में प्रांतीय उपाध्यक्ष इन्दू नौडियाल, जिलाध्यक्ष नुरैशा अंसारी, वृन्दा मिश्रा, शाकुंभरी रावत, कुसुम नौडियाल, सुमित्रा, जानकी, मोहनी, राजेश्वरी , भागीरथी, चंदा, शकुंतला, पुष्पा, यशोदा, विमला राणा, सतेश्वरी, गौरादेवी, महेश्वरी, शोभा आदि थी।