सहसपुर क्षेत्र के ठाकुरपुर ईस्ट होपटाउन के कई क्षेत्रों में पिछले कई दिनों से पेयजल किल्लत बनी हुई है। शिकायतों के बाद भी पेयजल निगम इन क्षेत्रों की सुध नहीं ले रहा है। आक्रोशित स्थानीय लोगों ने बृहस्पतिवार को पेयजल निगम के एई को ज्ञापन सौंपकर चेतावनी दी कि अगर जल्द ही यहां पेयजल किल्लत का समाधान नहीं होता स्थानीय लोग आंदोलन को बाध्य होंगे।
क्षेत्र पंचायत सदस्य मंजू नेगी व सामाजिक कार्यकर्ता सुरेंद्र सिंह नेगी के नेतृत्व में स्थानीय जनप्रतिनिधि पेयजल निगम के कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने ठाकुर क्षेत्र में पेयजल किल्लत और समाधान के बाद भी कार्रवाई न होने पर आक्रोश व्यक्ति किया। इस दौरान उन्होंने जल निगम के एई अनंत भदूला को ज्ञापन प्रेषित करते हुए कहा कि ग्राम पंचायत ठाकुरपुर के आसपास गांवों मोतीचूर, ठाकुरपुर वार्ड दो, तीन, लक्ष्मीपुर, शुक्लापुर आदि क्षेत्रों में कई दिनों से पेयजल की किल्लत बनी हुई है। विभाग को लगातार अवगत कराने के बाद भी कोई सुध लेने को तैयार नहीं है। कहा कि पेयजल के लिए यहां सिंचाई के ट्यूबवेल का इस्तेमाल किया जा रहा है। इन ट्यूबवेलों से न तो पीने का पानी पर्याप्त रूप से मिल पा रहा है और न ही सिंचाई के लिए।
इस दौरान उन्होंने ठाकुरपुर, शुक्लपुर में बने नए ट्यूबवेल को चालू करने, जगह-जगह हो रहे लीकेज को ठीक करने करने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि अगर जल्द ही समस्या का समाधान नहीं होता है कि स्थानीय निवासी विभाग के खिलाफ आंदोलन करेंगे। इस दौरान कमल किशोर, अरुण भट्ट, राजेश कुमार आदि मौजूद रहे।