उत्तरकाशी रक्तदान दिवस पर शुक्रवार को जिला अस्पताल में रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। एनएसएस के बैनर तले शिविर में 25 लोगों ने रक्तदान किया। शिविर में कई शिक्षकों ने रक्तदान के लिए पंजीकरण भी कराया था। इस दौरान ब्लड बैंक में 12 यूनिट रक्तदान हुआ। जिला समन्वयक हंशी जोशी ने रक्तदान को महादान बताया।
कोटद्वार में स्वयं सेवियों ने किया रक्तदान
राष्ट्रीय स्वैच्छिक रक्तदान दिवस पर राष्ट्रीय सेवा योजना जनपद पौड़ी गढ़वाल के तत्वावधान में राजकीय बेस चिकित्सालय कोटद्वार में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। मौके पर 16 यूनिट रक्त ब्लड बैंक को दिया गया। नैनीडांडा के कोचियार और सेंधीखाल में छात्र-छात्राओं ने रैलियां निकालकर लोगों को रक्तदान के लिए जागरूक किया।
कोटद्वार बेस अस्पताल में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का शुभारंभ राष्ट्रीय सेवा योजना माध्यमिक शिक्षा प्रकोष्ठ गढ़वाल मंडल के मंडल समन्वयक पुष्कर सिंह नेगी, बीडीसी मेंबर सुनीता कोटनाला, राष्ट्रीय सेवा योजना जनपद पौड़ी के जिला समन्वयक परितोष रावत और श्री गुरु राम राय पब्लिक स्कूल कोटद्वार के प्रधानाचार्य धीरेंद्र मोहन रतूड़ी ने स्वयं रक्तदान करके किया। राजकीय बेस चिकित्सालय कोटद्वार के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. कुमार आदित्य तिवारी और पैथोलॉजिस्ट डॉ. सुप्रिया घिल्डियाल ने एनएसएस की पहल का स्वागत किया।
जिला समन्वयक पारितोष रावत ने बताया कि रक्तदान शिविर में ब्लड बैंक की सीमित आवश्यकता को देखते हुए 60 स्वयंसेवकों का पंजीकरण करके भविष्य में रक्तदान करने के लिए प्रतीक्षा सूची में रखा गया है। रक्तदान शिविर को सफल बनाने में कार्यक्रम अधिकारी हिमांशु द्विवेदी ,राजन शर्मा, सत्यपाल सिंह नेगी, शंकर बहादुर, जयकृत सिंह नेगी, मनीष रावत, दलजीत सिंह, प्रवीण थापा, रक्त कोष टेक्नीशियन नीता ध्यानी और आकांक्षा नेगी ने सहयोग किया।
छात्र-छात्राओं ने निकाली रैली
जीआईसी कोचियार एनएसएस इकाई की ओर से ग्राम कोचियार में ‘रक्तदान जीवनदान महादान’ नारे के साथ जनजागरूकता रैली निकाली गई। कार्यक्रम अधिकारी मनमोहन सिंह रावत ने रक्तदान के महत्व, शरीर में रक्त बनने की प्रक्रिया, रक्ताल्पता, हीमोफीलिया, थैलीसीमिया बारे में विस्तार से जानकारी दी। शिक्षक चंद्रमोहन ध्यानी ने संतुलित आहार विहार योग प्राणायाम द्वारा रक्त संचार की प्रक्रिया को बढ़ाने के बारे में बताया। प्रधानाचार्य अफसर हुसैन ने रक्तदान के बारे में विस्तृत जानकारी दी। शिविर में चंद्रमोहन नेगी, मोहम्मद अवेश, चंदन सिंह, सूरज कुमार, प्रदीप कुमार, गीता समेत अन्य लोग मौजूद रहे। वहीं जीआईसी सेंधीखाल में 60 स्वयंसेवियों ने रैली निकाली।