पुलिस विभाग में कर्मचारियों की वेतन विसंगतियों और उनके उत्पीड़न के संबंध में व्हाट्स एप पर प्रसारित संदेश में पुलिस कर्मियों को 16 अगस्त को काली पट्टी बांधकर विरोध जताने के लिए कहा जा रहा है। हालांकि इस संदेश को किसने और कहां से जारी किया है मालूम नहीं चल रहा है।
मैसेज के संबंध में पुलिस के आला अधिकारियों का कहना है कि पुलिस विभाग में इस तरह की कोई बात नहीं है। यह किसी सिरफिरे की शरारत है। मामले की जांच की जाएगी। दोषी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
व्हाट्स ऐप पर चल रहे मैसेज में पुलिसकर्मियों की संख्या के साथ उनके परिवार को जोड़कर मतदाताओं का आंकड़ा दिया गया है। कहा गया है कि यह संख्या किसी भी दल की सरकार बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
सरकारी विभागों की तुलना करते हुए पुलिस विभाग को उपेक्षित बताया गया है। कहा गया है कि दूसरे विभाग के कर्मचारी आंदोलन करके अपना हक पा लेते हैं, लेकिन अनुशासन में बंधे पुलिस विभाग के कर्मचारी अपनी बात तक नहीं उठा पाते। यह संदेश किसने प्रसारित किया है यह साफ नहीं है।