सीएम पुष्कर सिंह धामी के अपने ही गृह क्षेत्र में विधानसभा चुनाव में हार से निराश होकर सात गांवों के ग्रामीणों ने खुद को जिम्मेदार मानते हुए उप शारदा नहर 22 पुल पर सामूहिक रूप से सांकेतिक जल समाधि ली। इस दौरान बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुषों ने मुख्यमंत्री धामी की हार पर प्रायश्चित किया और सीएम धामी के विकास कार्यों पर भरोसा जताया।
इस दौरान ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं गिनाईं। ग्रामीणों के पूर्व निर्धारित कार्यक्रम से एसडीएम व सीओ की ओर से चाक चौबंद व्यवस्था की गई थी। किसी भी परिस्थिति से निपटने के लिए जल पुलिस के जवान तैनात रहे।
उप शारदा नहर 22 पुल पर सुबह दस बजे गहमागहमी का माहौल रहा। लगभग साढ़े दस बजे तक बड़ी संख्या में मेलाघाट, सिसैया, बंधा, बगुलिया, खेलड़िया, खैरानी, झाउपरसा के ग्रामीण जमा होने लगे। सुरक्षा व्यवस्था के तहत पुलिस प्रशासन के अधिकारी यहां गोताखोरों की टीम के साथ पहुंच गए।
शिवनाथ, चुम्मन, कन्हैया लाल, रमायन, हंसराज मौर्य, बृजु, रमाकांत, इंद्रजीत राम, सजीवन, पुन्ना लाल, पप्पू, विकास, रविंद्र पाल, गुड्डू शाही, शंकर राय, मीना भंडारी, हीरा देवी, पानवती, विद्यावती, रुखिया, शांति देवी, प्रभाती देवी, राखी देवी, लक्ष्मी देवी, सुनहरी, हिमांती देवी, गुड्डी, रेखा, देवकी देवी, राधिका, राजेश्वरी आदि ने सांकेतिक जलसमाधि ली। आयोजक रामायण राम, राम पांडे आदि ने माला पहनाकर सभी का स्वागत किया। इसके बाद ग्रामीण हाथों में बैनर लेकर पानी में उतर गए। अधिक पानी होने के कारण महिलाएं किनारे पर खड़ी रहीं और पुरुषों ने गले तक पानी में उतरकर समाधि ली।