मुख्यमंत्री हरीश रावत ने अल्मोड़ा में द्वारसौं के नानीसार गांव में अंतरराष्ट्रीय आवासीय विद्यालय का शिलान्यास किया तो दूसरी तरफ गांव वाले सीएम साहब के एंटी हो गए। आखिर क्यों हुआ ऐसा? पढ़ें...
विज्ञापन
कार्यक्रम में सीएम ने कहा कि सरकार ने उत्तराखंड के गैर आबाद गांवों को फिर से बसाने की पहल शुरू कर दी है। फिलहाल नौ गांवों को इस योजना के लिए चयनित किए गया है। इन गांवों में उच्च शिक्षण संस्थानों के साथ ही अस्पताल और अन्य जरूरी संस्थान खोले जाएंगे जिनमें नानीसार गांव भी शामिल है। उन्होंने कहा कि इस विद्यालय के खुलने से जहां प्रतिभाशाली ग्रामीण बच्चों को अच्छी शिक्षा मिलेगी वहीं लोगों को रोजगार भी मिलेगा।
5 सीएम ने नानीसार द्वारसौं के निकट 10 बैड का आयुर्वेदिक अस्पताल खोलने, द्यौलाड़गूंठ पेयजल योजना के निर्माण अलावा द्वारसौं-काकड़ीघाट और ईड़ा-जौरासी मार्ग में डामरीकरण करने की भी घोषणा की। मुख्यमंत्री हरीश रावत दोपहर बाद तीन बजे हेलीकॉप्टर से नानीसार पहुंचे।
विज्ञापन
उनके साथ नई दिल्ली के सांसद और भोजपुरी गायक मनोज तिवारी भी थे। सीएम रावत ने कहा कि यहां अंतरराष्ट्रीय आवासीय विद्यालय खुलने से क्षेत्र के लोगों को लाभ मिलेगा। पर्वतीय क्षेत्रों से पलायन को रोकना बड़ी चुनौती है, लेकिन सरकार पूरी तरह खाली हो चुके गांवों को बचाने का प्रयास कर रही है।
नानीसार समेत ऐसे नौ गांवों का फिलहाल चयन किया गया है जहां शिक्षण संस्थान और अस्पताल खोले जाएंगे। इन गांवों को गांव को ईको टूरिज्म से जोड़ा जाएगा। ग्रामीणों को वीर चंद्र सिंह गढ़वाली योजना के माध्यम से अनुदान देकर स्वरोजगार से जोड़ा जाएगा। सीएम ने बरसाती पानी के संरक्षण के लिए चाल-खाल बनाने को कहा।
अखरोट, भीमल, बांज जैसे जल संचय के वन विकसित करने पर जोर दिया। सीएम ने कहा कि सरकार शिल्पकारों को भी पेंशन योजना से जोड़ने जा रही है। द्वाराहाट के विधायक मदन बिष्ट ने भी क्षेत्र से हो रहे पलायन पर चिंता जाहिर की। कहा कि मुख्यमंत्री हरीश रावत की पहल से इस क्षेत्र में तेजी से कार्य हो रहे हैं।
नैनीसार के ग्रामीणों को पुलिस ने किया गिरफ्तार
एक तरफ सीएम हरीश रावत ने आवासीय विद्यालय का शिलान्यास किया तो दूसरी तरफ नानीसार के ग्रामीणों ने इसका विरोध शुरू कर दिया। विरोध करने पहुंचे करीब 38 ग्रामीणों को पुलिस ने गिरफ्तार कर दूर जाकर छोड़ दिया, जबकि पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष मोहन राम सहित कई प्रदर्शनकारी देर रात तक पुलिस हिरासत में थे।
सुबह भाजपा नेता और पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष मोहन राम के नेतृत्व में कई ग्रामीण महिलाएं और पुरुष शिलान्यास कार्यक्रम स्थल मार्ग पर डट गए। यहां नारेबाजी के साथ विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। विरोध करने पहुंची महिलाओं और अन्य लोगों की पुलिस से तीखी नोकझोंक भी हुई। लेकिन पुलिस ने सीएम के पहुंचने से पहले ही प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार कर लिया।
नानीसार के ग्रामीणों का आरोप है कि सरकार ने ग्रामीणों के चारागाह को गलत तरीके से निजी कंपनी को दे दिया। इस मामले में ग्रामीणों को विश्वास में भी नहीं लिया गया। ग्रामीणों के जानवरों के लिए चारे का संकट खड़ा हो रहा है। उनका कहना था कि वे किसी भी हालत में इसका शिलान्यास नहीं होने देंगे। स्थिति को बिगड़ता देख एसपी, सीओ, कोतवाल, एसडीएम सहित तमाम पुलिस अधिकारियों ने जवानों को ग्रामीणों को गिरफ्तार करने के निर्देश दे दिए। इस दौरान वहां भगदड़ सी मच गई।
उपपा अध्यक्ष तिवारी समेत आधा दर्जन को अल्मोड़ा के निकट ही पकड़ लिया आवासीय विद्यालय के शिलान्यास का विरोध करने जा रहे उपपा के केंद्रीय अध्यक्ष पीसी तिवारी सहित आधा दर्जन लोगों को पुलिस ने अल्मोड़ा-रानीखेत मार्ग में कटारमल के निकट गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी से पहले इन लोगों की पुलिस के साथ तीखी नोकझोंक भी हुई। उनकी गिरफ्तारी के विरोध में उपपा कार्यकताओं ने अल्मोड़ा में मुख्यमंत्री हरीश रावत का पुतला फूंका।
जिसकी किस्मत प्रबल हो वही देवभूमि आता है: मनोज तिवारी
उत्तराखंड की हसीन वादियों को देख दिल्ली के भाजपा सांसद और भोजपुरी फिल्मों के मशहूर अभिनेता मनोज तिवारी काफी अभिभूत दिखे। उत्तराखंड के प्रति यह निष्ठा उनके द्वारा सुनाए गए गीत मेरी एक बूढ़ी मां है उसका उससे नाता है, मेरी मां बताती है कि गंगा मेरी माता है जिसकी किस्मत बहुत प्रबल हो वह देवभूमि आता है में झलकी।
उन्होंने कहा कि देहरादून से चले तो लगा कि वह जन्नत में उतर आए हैं। उन्होंने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय विद्यालय बनाने की मंजूरी देकर प्रदेश सरकार ने अच्छा काम किया है। इससे निश्चित ही क्षेत्र के विकास को पंख लगेंगे। भाजपा सांसद मनोज तिवारी नानीसार में समारोह को बतौर विशिष्ट अतिथि संबोधित किया। कहा कि देवभूमि वाकई जन्नत है।
यहां की खूबसूरत वादियों को देखकर मैं अभिभूत हूं। यहां फिल्म निर्माण की अपार संभावनाएं भी हैं। इसके लिए मुंबई जाकर प्रयास करेंगे। जैसे ही अभिनेता ने माइक संभाला तो उनका लोगों ने तालियों से स्वागत किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री हरीश रावत में काफी योग्यता है। यहां आवासीय विद्यालय खोलकर वास्तव में अच्छा कार्य हुआ है।
उन्होंने जिंदल ग्रुप के कार्यों की सराहना की और प्रतीक जिंदल परिवार को अपना सहयोगी बताया। उन्होंने ग्रामीणों से अच्छे कार्यों को सहयोग करने की अपील की।
इस अवसर पर सीएम रावत के पुत्र वीरेंद्र रावत, आकाशदीप, आनंद यादव, कांग्रेस प्रवक्ता अतुल जोशी, कांग्रेस आईटी प्रकोष्ठ के नारायण सिंह रावत, कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष बचे सिंह देव, द्वाराहाट अध्यक्ष कैलाश भट्ट, मजखाली अध्यक्ष ललित मेहता, प्रधान गोकुल सिंह राणा, मंटू वर्मा, जीवन सिंह बिष्ट सहित तल्ली रियूनी, मल्ली रियूनी, द्वारसौं, भैंसोली, उरोली क्षेत्र से पहुंचे दर्जनों ग्रामीण मौजूद थे। संचालन सामाजिक कार्यकर्ता एनएस अधिकारी ने किया।